मुंबई, 12 अक्टूबर। वैश्विक बाजारों में अस्थिरता के बीच घरेलू शेयर बाजार में भी उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। इस बीच कच्चे तेल के दाम में तेजी एवं विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली के दबाव से कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को दोनों मानक सूचकांकों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 548 अंक टूटकर जहां फिर 72,000 के स्तर से नीचे जा फिसला वहीं एनएसई निफ्टी 157 अंकों की कमजोरी लेकर रुका।
सेंसेक्स 547.65 अंकों की गिरावट के साथ 71,924.68 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 547.65 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,924.68 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 796.23 अंक तक टूट गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाल निशान पर रुके तो सात में मजबूती रही।
निफ्टी 22,363.35 अंक पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 157.10 अंक यानी 0.70 प्रतिशत के नुकसान के साथ 22,363.35 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 36 के स्टॉक गिरावट लेकर रुके तो 14 में बढ़ोतरी दिखी।
आईटीसी में सबसे ज्यादा 3.23 फीसदी का नुकसान
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में आईटीसी के स्टॉक ने सबसे ज्यादा 3.23 फीसदी का नुकसान देखा। टेक महिंद्रा, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और एचसीएल टेक शामिल हैं।
ब्रेंट क्रूड 1.14 प्रतिशत चढ़कर 105.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.14 प्रतिशत चढ़कर 105.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 3,568.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।


