लखनऊ, 11 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लखनऊ स्थित मुख्यालय में रविवार को अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा व कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में निर्वतमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच हंगामा हो गया और दोनों गुटों के बीच जूतम-पैजार तक हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान अजय राय के कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर ममता चौधरी की तरफ से अजय राय को लेकर अपशब्दों के इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। इसके बाद अजय राय के समर्थकों ने ममता चौधरी के खिलाफ जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने हाथों में जूते लेकर विरोध जताया।
अजय राय ने वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी व प्रदेश नेतृत्व से ममता के खिलाफ काररवाई की मांग की
अजय राय ने मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना व कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं और ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा। उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है। अजय राय को मामले में काररवाई का आश्वासन दिया गया है।
मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार
कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का मान मर्दन कर दिया! https://t.co/DjLViLSwjJ— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) October 11, 2026
इस बात को लेकर हुआ हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ को देखते हुए अजय राय के समर्थकों ने कहा – ‘अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए।’ इस पर ममता चौधरी की तरफ से पूछा गया, ‘कौन अध्यक्ष?’ इसके बाद दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के बाद अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई। इस दौरान जूता फेंके जाने की भी बात सामने आई है।


