एक दिनी सीरीज : शतकीय द्वंद्व में राहुल पर बीस छूटे शाइ होप, वेस्टइंडीज ने भारत को ‘क्लीन स्वीप’ से वंचित किया

न्यू चंडीगढ़, तीन अक्टूबर। पूर्वोत्तर राज्य गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में तीन दिन पहले यदि कीर्तिमानों की झड़ी के बीच शतकों की तूफानी बारिश (चार शतक व एक दोहरा शतक) देखने को मिली थी तो शनिवार को यहां महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भी कमोबेश वैसा ही नजारा दिखा। लेकिन इस बार शतकीय द्वंद्व में कैरेबियाई कप्तान शाइ होप (नाबाद 162 रन, 143 गेंद, तीन छक्के, 17 चौके) भारतीय उप कप्तान केएल राहुल (नाबाद 129 रन, 87 गेंद, छह छक्के, 10 चौके) पर बीस छूटे।

https://twitter.com/BCCI/status/2106450073513316850

कैरेबियाई टीम ने अपने एक दिनी इतिहास में सर्वोच्च लक्ष्य का सफल पीछा किया

इसका परिणाम यह हुआ कि वेस्टइंडीज ने विशाल स्कोर वाले तीसरे व अंतिम एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मैच में 10 गेंदों के शेष रहते पांच विकेट से रोमांचक जीत हासिल की और टीम इंडिया को ‘क्लीन स्वीप’ हासिल करने से वंचित कर दिया, जिसने तिरुवनंतपुरम व गुवाहाटी मैचों में प्रभावी जीत के सहारे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। दिलचस्प तो यह रहा कि गुवाहाटी में 405 रनों का अपना सर्वोच्च स्कोर खड़ा करने के बावजूद मात खा जाने वाली कैरेबियाई टीम ने आज अपने एक दिनी क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा सफल ‘रन चेज’ पूरा किया।

https://twitter.com/BCCI/status/2106448806128861363

राहुल का सर्वोच्च निजी स्कोर, रोहित व गायकवाड़ के पचासों से 351 तक पहुंचा भारत

सीरीज में लगातार तीसरी बार टॉस जीतने के बाद पहली बार पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत को शुरुआती लड़खड़ाहट (2-4) से राहुल ने संभाला, जिन्होंने सर्वोच्च शतकीय पारी के दौरान अपने 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे किए। राहुल के अलावा पिछले मैच के शतकवीर रोहित शर्मा (92 रन, 85 गेंद, तीन छक्के, 10 चौके) व ऋतुराज गायकवाड़ (57 रन, 69 गेंद, चार छक्के, एक चौका) के पचासों की मदद से टीम इंडिया ने सात विकेट पर 351 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

https://twitter.com/BCCI/status/2106372045156335763

कैरेबियाई कप्तान ने अंत तक नाबाद रहते हुए 21वें शतक से जीत सुनिश्चित की

वहीं सीरीज में पहली बार लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पतवार कप्तान होप ने उतरते ही संभाल ली। जॉन कैंपबेल के साथ पारी शुरू करने वाले होप ने पूरी पारी में एक छोर संभालते हुए न सिर्फ एक दिनी करिअर का 21वां शतक जड़ा वरन आमिर जांगू  (67 रन, 56 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) सहित अन्य बल्लेबाजों के साथ उपयोगी भागीदारियां करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की, जिसने 48.2 ओवरों में पांच विकेट पर 352 रन बना लिए।

28 वर्षों बाद एक ही दिन उतरीं दो भारतीय टीमों का मिश्रित भाग्य

भारतीय क्रिकेट इतिहास में यह भी संयोग ही था कि 28 वर्षों बाद दो राष्ट्रीय टीमें एक ही दिन मैदान पर उतरीं। लेकिन उन्हें भिन्न परिणाम से गुजरना पड़ा। यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ शुभमन गिल एंड कम्पनी को हार मिली तो उधर निशिन (जापान) में एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट फाइनल में श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर स्वर्ण पदक बरकरार रखा।

12 सितम्बर, 1998 को दोनों भारतीय टीमें विजयी रही थीं

इससे पहले 12 सितम्बर, 1998 को कुआलालम्पुर राष्ट्रमंडल खेलों के क्रिकेट फाइनल में सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले व अजय जडेजा सरीखे सितारों से सजी राष्ट्रीय टीम ने कनाडा को हराकर स्वर्ण जीता था जबकि उसी दिन मो. अजहरुद्दीन की कप्तानी में दूसरी राष्ट्रीय टीम ने टोरंटो में सहारा कप फाइनल में पाकिस्तान पर जीत हासिल की थी।

होप व जांगू ने दूसरे विकेट पर जोड़े 109 रन

खैर, आज के मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज ने कैंपबेल (10 रन, दो चौके) को जल्द गंवाने के बावजूद तेज शुरुआत की और पावरप्ले में 78 रन आ गए। शुरुआत में ही गुरनूर बरार से जीवनदान पाने वाले ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ होप व जांगू ने 100 गेंदों पर 109 रनों की भागीदारी कर दी।

रदरफोर्ड व कीमो पॉल संग भी होप की अर्धशतकीय भागीदारियां

जांगू 21वें ओवर में रन आउट हुए तो शेरफेन रदरफोर्ड (24 रन, 25 गेंद, दो चौके) के साथ मिलकर होप ने 56 रनों की साझेदरी से 29वें ओवर में स्कोर 200 रनों के पार पहुंचाया। स्पिनर नमन धीर ने रदरफोर्ड को विकेट के पीछे कैच कराया तो होप को कीमो पॉल (44 रन, 35 गेंद, पांच चौके) का साथ मिला और चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी आ गई। इसी दौरान होप ने 34वें ओवर में अपना लगातार दूसरा शतक भी पूरा किया।

होप ने मोती के साथ सिर्फ 30 गेंदों पर अटूट 62 रन जोड़कर जीत पक्की की

बरार ने पॉल को 41वें ओवर में आउट किया तो कुलदीप यादव ने मैथ्यू फोर्ड (सात रन) को पैवेलियन भेजा। लेकिन होप ने गुडाकेश मोती (नाबाद 19 रन, 14 गेंद, एक छक्का, दो चौके) संग स्लाग ओवरों में अपनी रफ्तार कहीं ज्यादा तेज कर दी। छठे विकेट के लिए सिर्फ 30 गेंदों पर अटूट 62 रनों की साझेदारी के बीच उन्होंने कुलदीप के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का और फिर चौका जड़ा। इसके बाद उन्होंने 47वें ओवर में बरार को तीन चौके लगाए और 49वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़ने के बाद अगली गेंद पर सिंगल से वेस्टइंडीज की जीत सुनिश्चत कर दी।

भारत की शुरुआत बिगड़ी, गिल व विराट सस्ते में लौटे

इसके पूर्व भारत की शुरुआत खराब रही थी, जब पिछले मैच में दोहरा शतक (नाबाद 223 रन) व तिरुवंतपुरम में 110 रन ठोकने वाले शुभमन गिल (एक रन) और पहले मैच के शतकवीर विराट कोहली (0) चार रनों के भीतर लौट गए। दोनों को जेडन सील्स (3-63) ने तीसरे ओवर में लगातार गेंदों पर लौटाया।

रोहित ने गायकवाड़ संग 137 रनों की भागीदारी की

यही वजह थी कि पहले 10 ओवरों में भारत केवल 28 रन ही बना सका। फिलहाल रोहित ने जिम्मेदारी संभाली और उन्होंने उन्होंने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 132 गेदों पर 137 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर दी।

स्कोर कार्ड

रोहित हालांकि 25वें ओवर में कीमो पॉल (2-71) की गेंद को पुल करने की कोशिश में ज्वेल एंड्रयू को कैच दे बैठे, जिससे वह लगातार दूसरा शतक पूरा करने से आठ रन दूर रह गए। वहीं अपना दूसरा पचासा पूरा कर चुके ऋतुराज भी पांच गेंद बाद ही सील्स के तीसरे शिकार बन गए।

राहुल ने नौवें शतक के दौरान पूरे किए 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन

फिलहाल राहुल ने विस्फोटक अंदाज दिखाते हुए जहां 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए वहीं अपना नौवां वनडे शतक पूरा करने के बाद अंतिम ओवरों में गति तेज करते हुए भारत को बड़ा स्कोर प्रदान किया। इस क्रम में उन्होंने नमन धीर (30 रन, 21 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) संग रनगति तेज की और 43 गेंदों पर 65 रनों की साझेदारी की। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार बल्लेबाज के रूप में उतरे धीर को गुडाकेश मोती ने लौटाया।

राहुल व गुरनूर के बीच आठवें विकेट के लिए अटूट 61 रनों की भागीदारी

अंतिम ओवर में 21 रन बटोरने वाले राहुल ने नीतीश कुमार रेड्डी (नौ रन), अंशुल कम्बोज (17 रन, नौ गेंद, दो छक्के) व गुरनूर (नाबाद आठ रन, छह गेंद, एक चौका) संग मिलकर भारत को साढ़े तीन सौ के पार पहुंचाया। इनमें आठवें विकेट के लिए तो सिर्फ 26 गेंदों पर 61 रनों की अटूट भागीदारी भी दिखी, लेकिन अंत में होप ने नाबाद मैराथन शतक से मुकाबले का पासा पलट दिया।

दोनों टीमें अब 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेंगी, लखनऊ में पहला मैच छह अक्टूबर को

दोनों टीमें अब पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेंगी। ये मैच क्रमशः लखनऊ (छह अक्टूबर), रांची (नौ अक्टूबर), इंदौर (11 अक्टूबर), हैदराबाद (14 अक्टूबर) व बेंगलुरु (17 अक्टूबर) में खेले जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular