Juhu Beach Clean-Up : गणेश विसर्जन के बाद अजय देवगन और अमृता फडणवीस ने जुहू बीच पर चलाया सफाई अभियान

मुंबई, 26 सितंबर। गणेश विसर्जन के बाद समुद्र तटों को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार सुबह मुंबई के जुहू बीच पर विशेष सफाई अभियान ‘सी शोर शाइन 2026’ आयोजित किया गया। दिव्याज़ फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस अभियान में बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और फाउंडेशन की संस्थापक अमृता फडणवीस ने भी हिस्सा लिया और स्वयं श्रमदान किया।

गणपति विसर्जन के बाद बीच की सफाई जरूरी: अमृता फडणवीस

जुहू बीच पर आयोजित सफाई अभियान का नेतृत्व करते हुए अमृता फडणवीस ने कहा कि गणपति विसर्जन के बाद समुद्र तटों पर बड़ी मात्रा में कचरा और अपशिष्ट जमा हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे और युवा खुद आगे आकर ऐसे अभियानों में हिस्सा लेते हैं, तो इससे पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आस्था के साथ-साथ प्रकृति और समुद्र की स्वच्छता का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने सामूहिक प्रयासों के जरिए समुद्र तटों को साफ रखने की जरूरत पर जोर दिया।

‘यह एक रचनात्मक और जरूरी पहल’: अजय देवगन

अभियान में शामिल हुए अभिनेता अजय देवगन ने सफाई कर्मचारियों और स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए रचनात्मक और जरूरी बताया। अजय देवगन ने कहा कि नेक काम में योगदान देने के उद्देश्य से उन्होंने खुद इस अभियान का हिस्सा बनने का फैसला किया।

सैकड़ों लोगों ने लिया सफाई अभियान में हिस्सा

‘सी शोर शाइन 2026’ अभियान में सैकड़ों स्वयंसेवकों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर जुहू बीच से प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरे को हटाया। अभियान का उद्देश्य गणेश विसर्जन के बाद समुद्र तट पर जमा हुए कचरे को हटाने के साथ लोगों को समुद्र और पर्यावरण की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular