घरेलू शेयर बाजार की लड़खड़ाहट थमी, सेंसेक्स 628 अंक चढ़ा, निफ्टी 153 अंक मजबूत

मुंबई, 20 अगस्त। वैश्विक बाजारों में तेजी व वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल में नरमी का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा, जिसके परिणामस्वरूप पिछले एक सप्ताह से जारी लड़खड़ाहट थम गई और गुरुवार को दोनों मानक सूचकांक अच्छी बढ़त के लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 628 अंकों की मजबूती से 24 घंटे के भीतर 77,000 के ऊपर चला गया जबकि एनएसई निफ्टी भी 153 अंकों के लाभ में रहा।

सेंसेक्स 0.82 प्रतिशत की बढ़त लेकर 77,537.72 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,537.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 701.43 अंक यानी 0.91 प्रतिशत बढ़कर 77,611.11 अंक तक जा पहुंचा था। सेसेंक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो चार में कमजोरी रही।

निफ्टी लगातार 7 दिनों की गिरावट से उबरा, 153.55 अंकों की बढ़त से 24,231.85 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी पिछले लगातार सात दिनों की गिरावट से उबरते हुए 153.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 39 के शेयर मजबूत हुए तो 10 में गिरावट दर्ज की गई।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘अमेरिकी वित्त विभाग के वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल में तेजी को नियंत्रित करने के कदम से बाजार को राहत मिली और घरेलू बाजार में एक सप्ताह से जारी गिरावट पर विराम लगा। इस हस्तक्षेप से डॉलर की विनिमय दर में गिरावट आई। साथ ही रुपये में मजबूती और बॉण्ड प्रतिफल में नरमी से उभरते बाजारों में निवेश की आकर्षण क्षमता बढ़ी है।’

नायर ने कहा कि चौतरफा तेजी का जो रुख दिखा, उसमें सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और वित्तीय कम्पनियों के शेयरों की अहम भूमिका रही। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण मुद्रास्फीति और कम्पनियों के मुनाफे को लेकर चिंता बनी हुई है।

इटर्नल के शेयर सबसे ज्यादा 2.31 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स में शामिल कम्पनियों में इटर्नल के शेयर सबसे ज्यादा 2.31 फीसदी चढ़े। कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में भी प्रमुख रूप से तेजी रही। इसके विपरीत नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक और टाइटन शामिल हैं।

एफआईआई ने 407.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में 407.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.67 प्रतिशत बढ़कर 93.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular