मुंबई, 18 अगस्त। टाटा समूह की होल्डिंग कम्पनी टाटा संस की मंगलवार को प्रस्तावित वार्षिक साधारण बैठक (AGM) कोरम के अभाव में स्थगित करनी पड़ी। देखा जाए तो टाटा समूह के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ, जब पूर्व निर्धारित AGM टालनी पड़ी। हालांकि, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के गत 12 अगस्त को इस्तीफे का एलान के बाद निर्धारित AGM को लेकर संशय पहले से था।
टाटा संस का बोर्ड बाद में तय करेगा एजीएम की तारीख
टाटा संस के एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड की बैठक बाद में होने की उम्मीद है। इस बैठक में एजीएम की अगली तारीख के बारे में फैसला होगा। दरअसल, महाराष्ट्र चैरिटी कमिश्नर ने सर रतन टाटा ट्रस्ट की मीटिंग बुलाने पर रोक लगा रखी है। इस वजह से सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट, टाटा संस में एक ज्वॉइंट प्रतिनिधि मनोनीत नहीं कर पा रहे हैं।
टाटा संस की एजीएम के लिए कोरम पूरा होना जरूरी
टाटा संस की एजीएम के लिए कोरम तभी पूरा होगा, जब सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट का ज्वॉइंट प्रतिनिधि मौजूद होगा। आज दोनों ट्रस्ट के ज्वॉइंट प्रतिनिधि के नहीं होने की वजह से टाटा संस की एजीएम स्थगित करनी पड़ी। टाटा संस में सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट की करीब 51.5 फीसदी हिस्सेदारी है।
शुरू होने के आधा घंटा बाद स्थगित की गई एजीएम
सूत्रों ने बताया कि एजीएम के लिए दोपहर बाद 2.30 बजे का समय तय था। तय समय के अनुसार एजीएम शुरू हुई। लेकिन तीन बजे इसे टालने का फैसला लिया गया। टाटा संस के निवर्तमान चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन बॉम्बे हाउस में मौजूद थे। उनके साथ बोर्ड के सदस्य सौरव अग्रवाल और अनीता मरानगोली जॉर्ज भी मौजूद थीं। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा, हरीश मानवानी और वेणु श्रीनिवासन ने मीटिंग में वर्चुअसल रूप से हिस्सा लिया।
मेहिल मिस्त्री भी वसीयत के एग्जिक्यूटर के रूप में मौजूद थे
लंबे समय तक टाटा ग्रुप का हिस्सा रहे मेहिल मिस्त्री रतन टाटा की वसीयत के एग्जिक्यूटर के रूप में मीटिंग में वर्चुअल रूप से शामिल हुए। टाटा समूह के ट्रस्ट्स में मिस्त्री की नियुक्ति को जरूरी समर्थन नहीं मिला था, जिससे वह ट्रस्ट के सदस्य नहीं बन सके थे। रतन टाटा, टाटा संस के पूर्व चेयरमैन थे।
टाटा समूह की कम्पनियों के शेयरों पर दबाब
इस बीच मंगलवार को टाटा समूह की ज्यादातर कम्पनियों के शेयरों पर दबाव दिखा। TCS का शेयर 1.26 फीसदी गिरकर 2,284 रुपये पर बंद हुआ तो Titan का शेयर 0.31 फीसदी गिरकर 5,053 रुपये पर बंद हुआ। टाटा मोटर्स पीवी का शेयर 2.24 फीसदी गिरकर 322.80 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि टाटा मोटर्स सीवी का शेयर 0.27 फीसदी चढ़कर 471.76 रुपये पर बंद हुआ।


