back to top
Wednesday, August 12, 2026
Home कारोबार

टाटा ग्रुप के शेयरों पर दबाव से घरेलू बाजार लगातार दूसरे दिन लुढ़का, सेंसेक्स 78000 के नीचे, निफ्टी 36 अंक कमजोर

53

मुंबई, 12 अगस्त। टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की खबर से बुधवार को न सिर्फ ग्रुप के शेयरों में बड़ी बिकवाली देखने को मिली वरन उससे घरेलू शेयर बाजार भी प्रभावित हुआ और दोनों मानक सूचकांक लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 188 अंक टूटकर जहां 78,000 से नीचे चला आया वहीं एनएसई निफ्टी में 36 अंकों की कमजोरी रही।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल के दाम में तेजी के साथ टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन द्वारा मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद दोबारा नियुक्ति नहीं लेने की घोषणा से टाटा समूह के शेयरों में बिकवाली से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

AGM से पहले टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने पद छोड़ने की घोषणा की

उल्लेखनीय है कि टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कम्पनी की 18 अगस्त को प्रस्तावित वार्षिक आम बैठक (AGM) से पहले आज पद छोड़ने का एलान कर दिया और एक बयान में कहा, ‘मैंने टाटा संस के बोर्ड को इस बाबत सूचित कर दिया है। मैं 20 फरवरी, 2027 को अपना कार्यकाल पूरा करूंगा। मैंने बोर्ड से उत्तराधिकारी पर फैसला लेने को कहा कि वह सुचारु व्यवस्था के लिए जल्द कोई फैसला करे।’ दरअसल, डायरेक्टर के तौर पर चंद्रशेखरन के दोबारा चुने जाने को लेकर अनिश्चितता बढ़ रही थी और टाटा ग्रुप के अंदर तनाव बना हुआ था।

सेंसेक्स 187.90 अंक टूटकर 77,966.35 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 187.90 अंक यानी 0.24 प्रतिशत टूटकर 77,966.35 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 656.32 अंक तक टूटकर 77,497.93 अंक पर आ गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में आठ के शेयर मजबूत हुए तो 21 में कमजोरी रही।

निफ्टी 35.75 अंकों की गिरावट से 24,435.95 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 35.75 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट से 24,435.95 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 17 के स्टॉक हरे निशान पर रहे तो 30 में गिरावट दर्ज की गई।

टीसीएस का शेयर सबसे अधिक 3.71 प्रतिशत टूटा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टीसीएस का शेयर सबसे अधिक 3.71 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, इटर्नल और इन्फोसिस में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड शामिल हैं।

एफआईआई ने 258.55 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 258.55 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.17 प्रतिशत टूटकर 88.76 डॉलर प्रति बैरल रहा।