नई दिल्ली, 6 जुलाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम की बुकिंग रद्द होने को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी से डर रही है और छात्रों से उनके संवाद कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है।
‘राहुल गांधी से डरती है सरकार’- पवन खेड़ा
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार राहुल गांधी का सामना करने से डरती है। उन्होंने कहा कि संसद के अंदर भी सरकार उनका सामना नहीं करती और जब भी राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों से बातचीत करते हैं, तब किसी न किसी तरह की परेशानी खड़ी करने की कोशिश की जाती है। पवन खेड़ा ने कहा कि यह छात्रों और विपक्ष की ताकत है। कांग्रेस अपना काम जारी रखेगी और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम जरूर होगा।
प्रमोद तिवारी ने भी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रयागराज कार्यक्रम की बुकिंग रद्द होने पर कहा कि यह डरी हुई भाजपा सरकारों की कार्रवाई है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले देहरादून में भी राहुल गांधी के कार्यक्रम में रुकावट डालने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी कोशिश कर रही है कि राहुल गांधी का प्रयागराज कार्यक्रम तय समय पर आयोजित हो।
मोहन भागवत के जेन-जी संवाद पर भी प्रतिक्रिया
प्रमोद तिवारी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की जेन-जी के साथ प्रस्तावित बातचीत को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे युवाओं की जीत बताया और कहा कि अब युवाओं के साथ संवाद करना जरूरी हो गया है।
अजय राय ने लगाया अनुमति रोकने का आरोप
इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से संवाद करने वाले हैं, लेकिन भाजपा सरकार इस कार्यक्रम को रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल की अनुमति देने के बाद उसे रद्द किया जा रहा है। अजय राय ने दावा किया कि राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में भी ऐसी कोशिशें हुई थीं, लेकिन अंत में कार्यक्रम आयोजित हुए। उन्होंने कहा कि सरकार राहुल गांधी और युवाओं की आवाज को दबा नहीं सकती और प्रयागराज में भी छात्र संवाद कार्यक्रम होकर रहेगा।

