विधानसभा उपचुनाव : भाजपा ने दतिया और बांकीपुर सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
नई दिल्ली, 10 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश और बिहार विधानसभाओं की दो सीटों पर 30 जुलाई को प्रस्तावित उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की शुक्रवार को घोषणा कर दी। इस क्रम में मध्य प्रदेश की दतिया सीट से आशुतोष तिवारी और बिहार की बांकीपुर सीट से नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश एवं बिहार विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/ta9pvmTSug
— BJP (@BJP4India) July 10, 2026
बांकीपुर से भाजपा प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा ने पर्चा भरने के एक दिन बाद ही नामांकन वापस ले लिया
दिलचस्प यह है कि मध्य पटना की बांकीपुर सीट पर एक दिन पहले गुरुवार को ही अभिषेक सिन्हा ‘बंटी’ ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। लेकिन अभिषेक सिन्हा ‘बंटी’ ने आज ही दिन में पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अप्रत्याशित रूप से अपना नामांकन वापस ले लिया। उसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा के रूप में नया उम्मीदवार घोषित कर दिया।
जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में
जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से यह सीट हाई-प्रोफाइल बन चुकी है। यहां अब प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच एक दिलचस्प त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बन गई है।
नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई थी बांकीपुर सीट
बांकीपुर सीट भाजपा नेता और पार्टी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इस सीट से पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर खुद चुनाव लड़ रहे हैं। उनके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है।
बांकीपुर में कायस्थ और वैश्य समुदायों का मजबूत प्रभाव
बांकीपुर एक अहम शहरी निर्वाचन क्षेत्र है, जहां लगभग 4 लाख मतदाता हैं। कायस्थ और वैश्य समुदायों के मजबूत प्रभाव के कारण इसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। भाजपा और जन सुराज पार्टी ने जोरदार चुनाव प्रचार किया है। इनमें प्रशांत किशोर तो इस उपचुनाव को बिहार में सत्ताधारी एनडीए सरकार के कामकाज पर एक अहम ‘जनमत संग्रह’ के तौर पर पेश कर रहे हैं।
वहीं भाजपा उम्मीदवार 32 वर्षीय नीरज कुमार सिन्हा की बात करें तो वह पार्टी के युवा चेहरों में से एक होने के बावजूद कई वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन में अलग-अलग भूमिकाएं निभाते हुए पार्टी में अपनी जगह बनाई है।
