पीएम मोदी पहुंचे इंडोनेशिया, ‘महासागर’ विजन को मजबूत करेगी यह यात्रा
जकार्ता, 6 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की आधिकारिक यात्रा के पहले चरण में सोमवार को इंडोनेशियाई राजधानी जकार्ता पहुंचे। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच संबंधों की समीक्षा करना और भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। इंडोनेशिया के बाद पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी जाएंगे।

जकार्ता पहुंचने पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ‘जकार्ता पहुंच गया हूं। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो द्वारा मेरा स्वागत किए जाने के अंदाज से मैं बहुत प्रभावित हूं।’
Landed in Jakarta. I’m touched by President Prabowo Subianto’s gesture of welcoming me at the airport.
In 2018 we elevated our relations to a Comprehensive Strategic Partnership, which has benefitted our people.
During this visit, President Prabowo Subianto and I will hold… pic.twitter.com/rG61TGGDdY
— Narendra Modi (@narendramodi) July 6, 2026
वहीं, तीन देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा, ‘पूर्वी और दक्षिणी हिन्द महासागर में स्थित क्रमशः इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया की मेरी यात्रा, जिसके बाद न्यूजीलैंड की यात्रा का कार्यक्रम है, भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और महासागर विजन के साथ-साथ एक स्वतंत्र और खुले हिन्द-प्रशांत क्षेत्र के प्रति हमारे दृष्टिकोण को और अधिक सशक्त बनाएगी।’
ज्ञातव्य है कि ‘महासागर’ (MAHASAGAR) फ़्रेमवर्क—जिसका पूरा नाम ‘Mutual and Holistic Advancement for Security Across the Regions’ (क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए आपसी और समग्र प्रगति) है। यह समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए भारत की संस्थागत रूपरेखा को दर्शाता है।
पीएम मोदी जकार्ता में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित भी करेंगे
देखा जाए तो यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा है और मई 2018 में भारत-इंडोनेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किए जाने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। जकार्ता में प्रधानमंत्री भारतीय प्रवासी समुदाय की एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे।
भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। इन विशेष संबंधों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री इंडोनेशिया के एक प्रमुख यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल, योग्याकार्ता स्थित प्रंबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे।
पीएम मोदी ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा, ‘मैं 6 से 11 जुलाई 2026 तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर जा रहा हूं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति श्री प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर मैं 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा पर रहूंगा। वर्ष 2018 में मेरी पहली इंडोनेशिया यात्रा के दौरान भारत और इंडोनेशिया ने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। उसके बाद यह मेरी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। यह यात्रा राष्ट्रपति प्रबोवो की भारत की राजकीय यात्रा के बाद हो रही है, जो 26 जनवरी, 2025 को हमारे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत और इंडोनेशिया के बीच मजबूत सभ्यतागत और जन-संबंध हैं और मेरी यह यात्रा हमारी बहुआयामी साझेदारी के सभी पहलुओं को और अधिक सुदृढ़ करेगी। इस यात्रा के दौरान, मैं इंडोनेशिया में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से भी बातचीत करूंगा और राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ योग्याकार्ता स्थित प्रम्बनन मंदिर परिसर का दौरा करूंगा, जो हमारे घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों का एक और उल्लेखनीय प्रमाण है।’
