आईटी शेयरों में बिकवाली से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 893 अंक टूटा, निफ्टी 279 अंक कमजोर

मुंबई, 23 जून। कमजोर वैश्विक रुख और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली से भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 893 अंक टूटा वहीं एनएसई निफ्टी 279 अंकों की कमजोरी से 23,800 के करीब जा खिसका। विश्लेषकों के अनुसार विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने भी घरेलू बाजार पर नकारात्मक असर डाला।

सेंसेक्स 1.16 प्रतिशत टूटकर 76,200.68 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 893.39 अंक यानी 1.16 प्रतिशत टूटकर 76,200.68 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक ने 1,011.56 अंकों की गिरावट से 76,082.51 पर दिन का निचला स्तर भी देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के स्टॉक नकारात्मक रहे और छह में बढ़त दर्ज की गई।

निफ्टी 1.16 प्रतिशत गिरकर 23,824.10 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 278.80 अंक यानी 1.16 प्रतिशत गिरकर 23,824.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक  317.95 अंकों की गिरावट से 23,784.95 पर दिन का निचला स्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में नौ के शेयर बढ़त पर रहे तो 41 लाल निशान पर बंद हुए।

इन्फोसिस व TCS में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इन्फोसिस के शेयरों में सर्वाधिक 3.39 फीसदी की गिरावट रही तो टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के स्टॉक 3.21 फीसदी टूट गए। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक और भारतीय स्टेट बैंक भी नुकसान में रहे। दूसरी तरफ पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एक्सिस बैंक, सन फार्मा और मारुति सुजुकी के शेयर बढ़त में रहे।

एफआईआई ने 635.91 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 635.91 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.67 प्रतिशत गिरकर 77.46 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular