नई दिल्ली, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है।
जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा पर दिया संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए जनसेवा, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा को जनविश्वास की आधारशिला बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।’ उनका यह संदेश उस दिन सामने आया, जब उन्होंने पं. जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ देश में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
साझा किया ‘संस्कृति सुभाषितम्’
पीएम मोदी ने अपने संदेश के साथ एक ‘संस्कृति सुभाषितम्’ भी साझा किया। इसमें लिखा गया, ‘सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते।” इसके माध्यम से उन्होंने जनप्रतिनिधियों के लिए सेवा, सुशासन और जनकल्याण के महत्व को रेखांकित किया।
जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।
सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥ pic.twitter.com/mn0Ax0F8hs
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2026
जनसेवा और सुशासन से मिलता है जनविश्वास
प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए सुभाषित का अर्थ है कि जो जनप्रतिनिधि सेवा को अपना धर्म मानकर निरंतर जनहित में कार्य करता है, सुशासन के माध्यम से जनता की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करता है तथा विनम्रता और संयम के साथ समाज की उन्नति के लिए समर्पित रहता है, वही वास्तविक रूप से जनविश्वास, यश और समृद्धि प्राप्त करता है।

लगातार 4,399 दिनों के कार्यकाल के साथ बनाया नया रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है। उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर देश में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम था। पं. नेहरू के 1952 से शुरू हुए कार्यकाल को इस तुलना का आधार माना जाता है क्योंकि 1947 से 1952 तक वे अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे थे।
हमारी सरकार के बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और राष्ट्र प्रथम की भावना से हमने युवाओं, महिलाओं और अपने किसान भाई-बहनों को सशक्त बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। यह हमारे अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि… pic.twitter.com/URtsOWF4BT
— Narendra Modi (@narendramodi) June 9, 2026
लगातार कार्यकाल के मामले में मोदी सबसे आगे
हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 14 वर्ष से अधिक समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहीं, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था। इसी कारण नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, 2019 में लगातार दूसरी बार जनादेश प्राप्त किया और 2024 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर इस उपलब्धि तक पहुंचे।
देश-विदेश से मिल रहीं बधाइयां
देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर नरेंद्र मोदी को देश और विदेश से लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं। विभिन्न राजनीतिक नेताओं, संवैधानिक पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनके इस रिकॉर्ड कार्यकाल को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

