1. Home
  2. हिन्दी
  3. शिक्षा
  4. NEET-UG परीक्षा की नई तारीख का ऐलान : 21 जून को होगी दोबारा परीक्षा, पेपर लीक मामले में CBI जांच जारी
NEET-UG परीक्षा की नई तारीख का ऐलान : 21 जून को होगी दोबारा परीक्षा, पेपर लीक मामले में CBI जांच जारी

NEET-UG परीक्षा की नई तारीख का ऐलान : 21 जून को होगी दोबारा परीक्षा, पेपर लीक मामले में CBI जांच जारी

0
Social Share

नई दिल्ली, 15 मई। NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया गया था, जिसकी जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही जानकारी प्राप्त करें।

किसी भी सहायता के लिए उम्मीदवार neet-ug@nta.ac.in ईमेल आईडी या हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इधर, पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच एजेंसी की टीम राजस्थान के जयपुर जिले के जमवारामगढ़ पहुंची, जहां गिरफ्तार आरोपियों के परिवारों से पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि टीम करीब तीन घंटे तक वहां मौजूद रही और कई अहम जानकारियां जुटाईं।

सीबीआई ने हाल ही में इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जयपुर के मंगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल के अलावा हरियाणा के यश यादव और महाराष्ट्र के नासिक निवासी शुभम खैरनार शामिल हैं। वहीं राजस्थान एसओजी भी इस मामले में अब तक 150 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले चुकी है, जिनमें परीक्षार्थी और उनके परिजन भी शामिल बताए जा रहे हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code