1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 के प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल घोषित : बेंगलुरु से छिनी फाइनल की मेजबानी, अहमदाबाद में फिर होगा फाइनल
आईपीएल-19 के प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल घोषित : बेंगलुरु से छिनी फाइनल की मेजबानी, अहमदाबाद में फिर होगा फाइनल

आईपीएल-19 के प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल घोषित : बेंगलुरु से छिनी फाइनल की मेजबानी, अहमदाबाद में फिर होगा फाइनल

0
Social Share

नई दिल्ली, 6 अप्रैल। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) 2026 के फाइनल सहित प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल बुधवार को घोषित कर दिया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मौजूदा सत्र का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 31 मई को खेला जाएगा। वहीं पहला क्वालीफायर धर्मशाला में खेला जाएगा जबकि एलिमिनेटर और दूसरा क्वालीफायर न्यू चंडीगढ़ में होंगे। इसके बाद टूर्नामेंट का समापन अहमदाबाद में होगा।

पहले तय था कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा इस बार का फाइनल

फिलहाल प्लेऑफ शेड्यूल का सर्वाधिक उल्लेखनीय तथ्य यह है कि बेंगलुरु से फाइनल की मेजबानी छीन ली गई है। इससे पहले यह तय था कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम फाइनल की मेजबानी करेगा। लेकिन बीसीसीआई ने इसे अहमदाबाद शिफ्ट कर दिया है। अहमदाबाद पिछले वर्ष के अलावा 2022 और 2023 में भी फाइनल की मेजबानी कर चुका है।

हालांकि बोर्ड ने इस फैसले के पीछे की वजह ऑपरेशनल और लॉजिस्टिकल कारणों को बताया है। लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि कर्नाटक के विधायकों के लिए मुफ्त IPL टिकटों को लेकर हाल ही में जो विवाद हुआ था, उसने भी पर्दे के पीछे इस फैसले में अहम भूमिका निभाई है।

पुरानी परंपरा के खिलाफ

BCCI के इस फैसले से बेंगलुरु न सिर्फ फाइनल की मेजबानी से चूकेगा, बल्कि उसे प्लेऑफ का कोई भी मैच खेलने का मौका भी नहीं मिलेगा। यह IPL की उस पुरानी परंपरा के खिलाफ है, जिसके तहत मौजूदा चैम्पियन टीम को खिताबी मुकाबले की मेजबानी का अधिकार मिलता है।

धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे क्वालीफायर व एलिमिनेटर

बीसीसीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘क्वालीफायर एक 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें भाग लेंगी। इस मैच के विजेता को फाइनल में सीधा प्रवेश मिलेगा।। इसके बाद मुकाबले न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे, जहां तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इसी स्टेडियम में 29 मई को क्वालीफायर दो भी खेला जाएगा। एलिमिनेटर में जीत दर्ज करने वाली टीम क्वालीफायर दो में क्वालीफायर एक में हारने वाली टीम का सामना करेगी। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी।’

बीसीसीआई के फैसले पर केएससीए ने जताई निराशा

इस बीच कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने आईपीएल फाइनल को बेंगलुरु से अहमदाबाद स्थानांतरित करने के बीसीसीआई के फैसले पर निराशा व्यक्त की। केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने आईपीएल 2026 की शुरुआत में घोषणा की थी कि बीसीसीआई ने बेंगलुरु को सात मैच की मेजबानी सौंपने का फैसला किया है। इनमें आरसीबी के पांच घरेलू मैच, एक प्लेऑफ और फाइनल शामिल था।

केएससीए के आधिकारिक प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने बेंगलुरु में कहा, ‘केएससीए इस पर निराशा व्यक्त करता है कि आईपीएल के प्लेऑफ मैचों की मेजबानी अन्य केंद्रों को सौंपी गई है। केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद इस संबंध में बीसीसीआई के संपर्क में थे और उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल प्लेऑफ की मेजबानी के लिए केएससीए की तैयारी और गहरी रुचि से औपचारिक रूप से अवगत भी कराया था।’

मृत्युंजय ने कहा कि बीसीसीआई ने अभी तक प्लेऑफ मैचों को अन्य केंद्रों में स्थानांतरित करने के ‘विशिष्ट कारणों’ का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘प्लेऑफ की मेजबानी करने के लिए हमारी तैयारी और इच्छा के बावजूद बीसीसीआई ने इन मैचों की मेजबानी अन्य स्थानों को सौंपने का फैसला किया है। केएससीए को हालांकि इसके विशिष्ट कारणों की औपचारिक रूप से जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन हम इस संबंध में बीसीसीआई के विशेषाधिकार का पूरी तरह से सम्मान करते हैं।’

आरसीबी की खिताबी जीत पर जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ से मारे गए थे 11 प्रशंसक

गौरतलब है कि पिछले वर्ष चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी। इसके बाद इस स्टेडियम में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला गया। फिलहाल आईपीएल प्लेऑफ मैचों का मेजबानी नहीं मिलने के बावजूद मृत्युंजय ने दोहराया कि केएससीए अब सभी स्तरों पर मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code