1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी मंगलवार को दो दिनी दौरे पर वाराणसी आएंगे, अपने संसदीय क्षेत्र को देंगे ₹6,332 करोड़ की सौगात
पीएम मोदी मंगलवार को दो दिनी दौरे पर वाराणसी आएंगे, अपने संसदीय क्षेत्र को देंगे ₹6,332 करोड़ की सौगात

पीएम मोदी मंगलवार को दो दिनी दौरे पर वाराणसी आएंगे, अपने संसदीय क्षेत्र को देंगे ₹6,332 करोड़ की सौगात

0
Social Share

लखनऊ, 26 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 व 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस क्रम में पीएम मोदी मंगलवार (28 अप्रैल) को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वह काशीवासियों को स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी 163 परियोजनाओं का उपहार देंगे। रविवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बरेका मैदान पर 50 हजार से ज्यादा महिलाओं को संबोधित करेंगे

बयान के अनुसार पीएम मोदी मंगलवार की शाम करीब 4.30 से 5:00 बजे के बीच वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे बरेका (BLW) मैदान जाएंगे, जहां वह 50,000 से अधिक महिलाओं को संबोधित करेंगे। दरअसल, इस बार का दौरा मुख्य रूप से महिला सशक्तिकरण और ‘नारी शक्ति वंदन’ पर केंद्रित है।

163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे

बरेका के ही मंच से पीएम मोदी ₹6,332.08 करोड़ लागत की 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,054.69 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5,277.39 करोड़ रुपये की 113 परियोजनाओं की आधारशिला शामिल है।

मूलभूत अवसंरचना से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवर ब्रिज और भगवानपुर में 5.5 करोड़ लीटर/ प्रतिदिन (एमएलडी) क्षमता वाले मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का उद्घाटन शामिल है।

अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री समुदाय-केंद्रित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें ‘जल जीवन मिशन’ के तहत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाएं, चंद्रावती घाट का पुनर्विकास, सारनाथ के पास सारंगनाथ मंदिर का पर्यटन विकास, और संत रविदास पार्क, नगवा के सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण के कार्य शामिल हैं।

एसएसपीजी अस्पताल में 500 बेड के मल्टी सुपर-स्पेशियलिटी ब्लॉक का शिलान्यास करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी इसी क्रम में शासन और समाज कल्याण के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एसएसपीजी (SSPG) अस्पताल में 500 बेड के मल्टी सुपर-स्पेशियलिटी ब्लॉक का शिलान्यास करेंगे। वहीं एकीकृत मंडलीय कार्यालय, नगर निगम कार्यालय भवन और रामनगर में एक सरकारी बाल आश्रय गृह और किशोर न्याय बोर्ड की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को बोनस के रूप में 105 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भी हस्तांतरित करेंगे।

गंगा नदी पर एक रेल-सह-सड़क पुल की आधारशिला रखेंगे

आधिकारिक बयान के अनुसार पीएम मोदी वाराणसी जंक्शन-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसमें गंगा नदी पर एक रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी शामिल है।

दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी दिखाएंगे हरी झंडी

अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई को भी हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने बताया कि ये ट्रेनें किफायती और आधुनिक यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी एवं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाएंगी।

बुधवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे

बरेका गेस्ट हाउस में ही रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन बुधवार को सुबह करीब 7.00 से 8.30 बजे के बीच पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे और विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। सूत्रों के अनुसार, बरेका से विश्वनाथ मंदिर जाने के दौरान लहुराबीर, मैदागिन और गोदौलिया के रास्तों पर भव्य स्वागत और एक छोटा ‘रोड शो’ भी प्रस्तावित है।

एसपीजी (SPG) और स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला

इस बीच सुरक्षा के लिए एसपीजी (SPG) और स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। बरेका और मंदिर जाने वाले रास्तों पर फूल बरसाकर स्वागत की तैयारी है। मौसम विभाग ने 28 अप्रैल को बारिश की संभावना जताई है, जिसे देखते हुए बरेका मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल और विशेष इंतजाम किए गए हैं।

वाराणसी दौरे के बाद हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे

पीएम मोदी बुधवार को सुबह के कार्यक्रमों के बाद सीधे हरदोई के लिए रवाना होंगे, जहां वे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे, जो देश में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे की कुल लागत लगभग 36,230 करोड़ रुपये

अधिकारियों के अनुसार गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा, 6-लेन (जिसे 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है) वाला, ‘एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर’ है, जिसे लगभग 36,230 करोड़ रुपये की कुल लागत से बनाया गया है।

12 जिलों से होकर गुजरता है गंगा एक्सप्रेसवे

उन्होंने बताया कि यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों-मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज-से होकर गुजरता है, जिससे यह उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों को एक ही निर्बाध ‘हाई-स्पीड कॉरिडोर’ के जरिए आपस में जोड़ता है।

मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा समय में 6 घंटे की बचत होगी

इस परियोजना से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय मौजूदा 10-12 घंटे से घटकर लगभग छह घंटे रह जाने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे को एक प्रमुख आर्थिक गलियारे के तौर पर देखा जा रहा है, जिसके रास्ते में पड़ने वाले 12 जिलों में लगभग 2,635 हेक्टेयर जमीन पर इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक गलियारों का विकास किया जाएगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code