1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : समग्र प्रदर्शन से चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार दूसरी जीत, KKR की दुर्गति जारी
आईपीएल-19 : समग्र प्रदर्शन से चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार दूसरी जीत, KKR की दुर्गति जारी

आईपीएल-19 : समग्र प्रदर्शन से चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार दूसरी जीत, KKR की दुर्गति जारी

0
Social Share

चेन्नई, 14 अप्रैल। पिछले सप्ताहांत दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मिली सत्र की पहली जीत से उत्साहित चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार की रात घरेलू मैदान यानी चेपॉक स्थित एम.ए. चिदांबरम स्टेडियम में एक बार फिर बल्ले व गेंद से समग्र प्रदर्शन किया। बस फिर क्या था, पांच बार के पूर्व चैम्पियनों ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को भी 32 रनों से परास्त कर दिया।

संजू, ब्रेविस व म्हात्रे के सहारे 192 रनों तक पहुंची मेजबान टीम

पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने के बाद सीएसके के लिए पिछले मैच में शतकीय प्रहार जमाने वाले संजू सैमसन (48 रन, 32 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) फिर शीर्ष स्कोरर बने तो डेवाल्ड ब्रेविस (41 रन, 29 गेंद, दो छक्के, चार चौके) व आयुष म्हात्रे (38 रन, 17 गेंद, दो छक्के, छह चौके) की आक्रामक पारियों से टीम ऐसे टर्फ पर पांच विकेट खोकर 192 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रही, जहां पावरप्ले के बाहर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था।

नूर अहमद एंड कम्पनी के सामने कलकतिया टीम पस्त

जवाब में अफगानी स्पिनर नूर अहमद (3-21) की अगुआई में गेंदबाजों ने मेहमानों पर ऐसा दबाव झोंका कि तीन बार की पूर्व चैम्पियन टीम सात विकेट पर 160 रनों तक जाकर ठहर गई। यह स्कोर भी रमनदीप सिंह (35 रन, 23 गेंद, एक छक्का, चार चौके) व रोवमन पावेल (नाबाद 31 रन, 22 गेंद, दो छक्के, एक चौका) के बीच सातवें विकेट के लिए 40 गेंदों पर 63 रनों की भागीदारी से पहुंचा, अन्यथा 13वें ओवर में 90 रनों के भीतर छह बल्लेबाज लौट चुके थे।

नूर ने रहाणे, रिंकू व ग्रीन को लौटाया

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ नूर अहमद की बात करें तो उन्होंने सात गेंदों के भीतर कप्तान अजिंक्य रहाणे (28 रन, 22 गेंद, दो छक्के), रिंकू सिंह (छह रन) व कैमरन ग्रीन (शून्य) के रूप में तीन अहम विकेट निकाले। इनमें रहाणे व ग्रीन को तो उन्होंने 11वें ओवर में लगातार गेंदों पर शिकार बनाया था।

पावरप्ले में केकेआर के बल्लेबाज सिर्फ 36 रन जोड़ सके

अन्य बल्लेबाजों में ओपनर फिन एलेन (एक रन) को अंशुल कम्बोज (2-32) को दूसरे ही ओवर में लौटा दिया था जबकि प्रोन्नत कर भेजे गए सुनील नराइन (24 रन, 17 गेंद, दो छक्के, दो चौके) को भी खलील अहमद ने पावर प्ले के अंदर ही मायूस कर दिया। कलकतिया बल्लेबाज किस कदर दबाव में थे, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि पावर प्ले में सिर्फ 36 रन जुड़ सके थे।

अग्निकृष व रहाणे के बीच तीसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी

हालांकि शुरुआती दो विकेट गिरने के बाद अग्निकृष रघुवंशी (27 रन, 19 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने जोर दिखाने की कोशिश की और रहाणे संग 31 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी भी की। लेकिन अकील हुसैन (1-26) ने रघुवंशी को आउट कर भागीदारी तोड़ी तो फिर 11 रनों के भीतर चार बल्लेबाज निकल गए, जिनमें तीन नूर के हाथ लगे। बाद में पावेल व रमनदीप की कोशिशों से टीम 150 रनों तक पहुंच सकी, लेकिन लक्ष्य काफी दूर रह गया।

स्कोर कार्ड

कुल मिलाकर देखें अब टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर खड़ी कलकतिया टीम की गेंदबाजी वरुण चक्रवर्ती की वापसी से बेहतर हुई है, लेकिन आधुनिक T20 खेल के हिसाब से बल्लेबाजी पंक्ति अब भी कमज़ोर बनी हुई है, भले ही उसने नराइन को ओपनिंग करने के लिए ऊपर भेजा हो।

सीएसके की दो वर्षों में पहली बार लगातार दो जीत

खैर, चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खुशी की बात यह है कि उसने दो वर्षों में पहली बार लगातार दो जीत हासिल की है। शुरुआती तीन पराजयों के चलते अंक तालिका में फिसड्डी रहने के बाद लगातार दूसरी जीत से उसने पांच बार के एक अन्य पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (दो अंक) को नौवें स्थान पर धकेल दिया और खुद चार अन्य टीमों के बराबर चार अंक बटोर लिए हैं। हालांकि कमजोर नेट रन रेट के कारण वह अब भी आठवें स्थान पर है। वहीं मौजूदा सत्र में अब तक पांच मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका इकलौता दल केकेआर (एक अंक) अंतिम स्थान पर बरकरार है। यह एक अंक उसने पंजाब किंग्स के साथ बारिश से रद हुए मुकबाले में बांटा था।

सीएसके ने पावर प्ले में बनाए 72 रन

इसके पूर्व सीएसके की बल्लेबाजी देखें तो कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (सात रन, एक चौका) भले ही तीसरे ओवर में 25 के योग पर अनुकूल रॉय (1-21) की गेंद पर निकल गए, लेकिन पिछले मैच में शतकीय भागीदारी करने वाले संजू व म्हात्रे ने पावरप्ले में चेन्नई को 72 रनों तक पहुंचा दिया। हालांकि छठे ओवर की अंतिम गेंद पर वैभव अरोड़ा (1-55) ने म्हात्रे की पारी पर विराम लगा दिया।

ब्रेविस व सरफराज के बीच 29 गेंदों पर 51 रनों की भागीदारी

संजू को 12वें ओवर में 111 के योग पर कार्तिक त्यागी (2-35) ने बोल्ड मारा तो ब्रेविस व सरफराज खान (23 रन, 18 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 29 गेंदों पर 51 रनों की साझेदारी कर दी। बाद में शिवम दुबे (नाबाद 13 रन, 12 गेंद, एक चौका) व जैमी ओवर्टन (नाबाद सात रन, एक चौका) ने टीम को 192 रनों तक पहुंचाया।

बुधवार का मैच : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (बेंगलुरु, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code