टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कसा तंज – बंगाल में भाजपा की कोई भी चाल ‘चोलबे ना’
पटना, 11 अप्रैल। गुजरे जमाने के प्रख्यात सिने स्टार और भाजपा के रास्ते तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) तक पहुंचे आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि बंगाल में उनकी कोई भी चाल ‘चोलबे ना’ (नहीं चलेगी)।
‘बिहारी बाबू’ के नाम से लोकप्रिय शत्रुघ्न सिन्हा ने पटना हवाई अड्डे पर शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपनी सूझबूझ से भाजपा के ‘हजार करोड़ की डील’ वाले मामले को एक्सपोज कर दिया है, जिसका असर पूरे देश में दिख रहा है।
हुमायूं कबीर के वायरल वीडियो से भाजपा की साजिशें उजागर हो गईं
हाल ही में AJUP संस्थापक हुमायूं कबीर के वायरल वीडियो से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें बहुत सच्चाई है और भाजपा की साजिशें उजागर हो गई हैं। उन्होंने कहा ‘अब तो हुमायूं कबीक ती पार्टी खुद ही (तृणमूल कांग्रेस से) अलग हो गई है… जो वीडियो वायरल हुआ है, चारों तरफ उसकी चर्चा हो रही है। हमारे बंगाल के लोगों ने उनका फैसला शुरू होने से पहले ही खत्म कर दिया है… लोग कह रहे हैं कि इस वीडियो में बहुत सच्चाई है… पहले भी इस तरह की साजिश भाजपा के लोग रच रहे थे… फिलहाल हम इस पर बहुत चर्चा नहीं कर रहे हैं।’
भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन‘ नीति पर तीखा प्रहार
शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ नीति पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उन भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में शामिल कर रही है, जिनके खिलाफ उन्होंने पहले खुद 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक नेता को पार्टी में शामिल करने के तीन-चार दिन बाद ही वित्त मंत्री बना दिया गया। टीएमसी सांसद ने सवाल किया कि क्या भाजपा अब बंगाल के दागी नेताओं के खिलाफ कोई काररवाई करेगी?
ममता बनर्जी का नेतृत्व ‘ट्राइड, टेस्टेड और सक्सेसफुल‘
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए सिन्हा ने उन्हें ‘आयरन लेडी’ और ‘ममतामयी’ बताया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का नेतृत्व ‘ट्राइड, टेस्टेड और सक्सेसफुल’ (आजमाया हुआ और सफल) है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ है और इस बार टीएमसी चुनाव में ‘स्वीपिंग रिजल्ट’ (बंपर जीत) देगी। उनके चेहरे पर दिखने वाला आत्मविश्वास बंगाल के विकास और टीएमसी के काम का प्रतीक है।
पीएम मोदी और अमित शाह के वादों को जुमला करार दिया
कभी भाजपा के स्टार प्रचारक माने जाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के वादों को ‘जुमला’ करार दिया। उन्होंने कहा कि दो करोड़ रोजगार और हर खाते में 15 लाख रुपये के वादे अब जनता के बीच मजाक बन चुके हैं। उन्होंने मनरेगा के पैसे रोकने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बंगाल के गरीबों का करीब दो लाख करोड़ रुपया केंद्र के पास अटका हुआ है। चुनाव की घड़ी में भाजपा फिर से घिसे-पिटे वादे कर रही है, लेकिन जनता अब इनके झांसे में नहीं आएगी।
यूसीसी पर बोले – ‘न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी’
अमित शाह के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने छह माह के भीतर यूसीसी लागू करने की बात कही थी, शत्रुघ्न सिन्हा ने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी’। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव में ‘दो तिहाई बहुमत’ का दावा करती है, लेकिन दिल्ली और बिहार में उनका हश्र सब देख चुके हैं। दिल्ली में केजरीवाल के सामने भाजपा ‘स्कूटर पार्टी’ बनकर रह गई थी और बंगाल में भी उसका यही हाल होने वाला है।
‘नीतीश कुमार मेरे मित्र, उन्हें तनिक आराम की जरूरत’
बिहार की राजनीति और नए मुख्यमंत्री के सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मीडिया में जितनी चर्चा है, उतनी जल्दी कोई मुख्यमंत्री बनने वाला नहीं है। उन्होंने नीतीश कुमार को अपना मित्र बताया और कहा कि उन्हें अभी थोड़ा आराम करने की जरूरत है। इसके अलावा, उन्होंने प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ की। उन्होंने पीके को ‘विद्वान, काबिल, लर्नेड और विजनरी’ बताते हुए कहा कि बिहार की राजनीति में उन पर ‘वेट एंड वॉच’ (नजर रखने) की जरूरत है।
