1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा एससीबी अस्पताल अग्निकांड में 10 मरीजों की मौत, पीएम मोदी और सीएम मांझी ने हदासे पर जताया दुख
ओडिशा एससीबी अस्पताल अग्निकांड में 10 मरीजों की मौत, पीएम मोदी और सीएम मांझी ने हदासे पर जताया दुख

ओडिशा एससीबी अस्पताल अग्निकांड में 10 मरीजों की मौत, पीएम मोदी और सीएम मांझी ने हदासे पर जताया दुख

0
Social Share

नई दिल्ली, 16 मार्च। कटक स्थित एससीबी मेडिकल हॉस्पिटल में आज तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। यह हृदयविदारक घटना अस्पताल के एक वार्ड में हुई, जिसमें प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर ने दी है। जानकारी के अनुसार देर रात जब अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन सो रहे थे, उसी समय अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद स्थिति कुछ ही देर में बेकाबू हो गई और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक परिवार को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपए आर्थिक सहायता के तौर पर प्रदान किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।”

इससे पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने भी मृतकों के परिवारों के लिए राहत की घोषणा की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की। घायलों के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने हादसे के बाद तुरंत प्रभावित परिवारों और अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया और राहत कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए।

रविवार-सोमवार की रात 2:30 बजे अचानक एससीबी अस्पताल के आईसीयू में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। इस आगजनी में अस्पताल में भर्ती 10 मरीजों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code