दिल्ली : वजीराबाद रोड पर चार बदमाश कैश से भरा बैग लेकर फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
नई दिल्ली, 8 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में शनिवार देर शाम चार बदमाश एक व्यक्ति से पैसे लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार की शाम पुलिस स्टेशन खजूरी खास को मुख्य वजीराबाद रोड पर लूट की सूचना मिली थी।
शिकायतकर्ता अविनाश (27) ने तहरीर में बताया है कि वह ओल्ड सीलमपुर, चांदनी चौक क्षेत्र में एक स्क्रैप डीलर के पास कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता है। वह अपनी स्कूटी पर विभिन्न जगहों से कलेक्ट किया गया कैश लेकर जा रहा था। जब वह मेन वजीराबाद रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम के पास पहुंचा, तभी अचानक दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसे घेर लिया और धमकाकर उसके पास मौजूद कैश से भरा बैग छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी सबूत एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इस संबंध में पुलिस स्टेशन खजूरी खास में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आस-पास के लोगों से पूछताछ में कुछ सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही वह जिस बाइक से आई थी, उसके बारे में भी कुछ जानकारी मिली है।
