घरेलू शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा, निफ्टी 24700 के पार
मुंबई, 5 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी गहरे संकट के बीच लगातार गिरावट के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी के अनुरूप गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी लौटी। इस क्रम में एक दिन पहले जबर्दस्त गिरावट देखने वाले दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 900 अंक चढ़ने के साथ 80,000 के पार जाकर रुका वहीं एनएसई निफ्टी 285 अंकों की तेजी से 24700 के स्तर के ऊपर ठहरा।
सेंसेक्स 899.71 अंकों की बढ़त से 80,015.90 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में लगातार चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर विराम लगा और यह 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,015.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 1,187.64 अंक तक चढ़ गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर हरे निशान पर रुके जबकि 11 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 285.40 अंक चढ़कर 24,765.90 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 24,765.90 पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 373.70 अंक चढ़कर 24,854.20 तक जा पहुंचा था। इसके साथ ही सूचकांक में लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।
निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 38 के स्टॉक मजबूत हुए और 12 में कमजोरी रही। छोटी कम्पनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.74 प्रतिशत उछला जबकि मझोली कम्पनियों से जुड़ा मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.36 प्रतिशत मजबूत हुआ।
निवेशकों ने 5.80 लाख करोड़ रुपये कमाए
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक सत्र में बढ़कर 452.98 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 447.18 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 5.80 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.80 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।
अदाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा 4.51 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल शेयरों में अदाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा 4.51 फीसदी चढ़े। लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंटरग्लोब एविएशन भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।
एफआईआई ने 8,752.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 8,752.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,068.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.84 प्रतिशत बढ़कर 82.90 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।
