1. Home
  2. कारोबार
  3. ईरान पर इजराइल-अमेरिकी हमले से गहराते संकट के बीच शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1048 अंक लुढ़का, निफ्टी 24900 के नीचे आया
ईरान पर इजराइल-अमेरिकी हमले से गहराते संकट के बीच शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1048 अंक लुढ़का, निफ्टी 24900 के नीचे आया

ईरान पर इजराइल-अमेरिकी हमले से गहराते संकट के बीच शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1048 अंक लुढ़का, निफ्टी 24900 के नीचे आया

0
Social Share

मुंबई, 2 मार्च। ईरान पर इजराइल-अमेरिका के संयुक्त हमलों से पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच निवेशकों की धारणा बुरी तरह प्रभावित हुई और इसके चलते भारतीय शेयर बाजार भी सोमवार को धड़ाम नजर आए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 1,048 अंक लुढ़क गया वहीं एनएसई निफ्टी 313 अंकों की कमजोरी से 24,900 से नीचे जा फिसला

सेंसेक्स 1.29% की गिरावट के साथ 80,238.85 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,743.46 अंक यानी 3.37 प्रतिशत टूटकर 78,543.73 अंक पर आ गया था। बाद में कुछ रिकवरी दिखी और यह 1,048.34 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 27 के शेयरों में गिरावट रही और सिर्फ तीन में मजबूती दिखी।

निफ्टी 312.95 अंक की गिरावट से 24,865.70 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 575.15 अंक यानी 2.28 प्रतिशत का गोता लगाकर 24,603.50 अंक तक जा गिरा था। हालांकि दिन के निचले स्तर में 262 अकों के सुधार के बाद यह 312.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,865.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में आठ के शेयर लाभ में रहे और 42 में कमजोरी रही। व्यापक बाजार में भी बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.81 प्रतिशत का गोता लगाया जबकि मिडकैप 1.67 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

निवेशकों के 6.55 लाख करोड़ रुपये डूबे

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक ही सत्र में घटकर 456.95 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 463.50 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 6.55 लाख करोड़ रुपये घटा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 6.55 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ गई।

इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक सर्वाधिक 6.25 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक सर्वाधिक 6.25 फीसदी गिरे। वहीं लार्सन एंड टुब्रो, अदाणी पोर्ट्स, मारुति, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। सिर्फ भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा और आईटीसी के शेयर लाभ में रहे।

एफआईआई ने 7,536.36 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 7,536.36 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,292.81 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत में 8.34 प्रतिशत की तेजी आई और यह 78.95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

मंगलवार को बंद रहेगा शेयर बाजार

इस बीच होली के अवसर पर NSE और BSE की आधिकारिक हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक मंगलवार, तीन मार्च को शेयर बाजार बंद रहेगा। हालांकि मंगलवार को चंद्र ग्रहण पड़ने के कारण देशभर में रंगोत्सव बुधवार को मनाया जाएगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code