1. Home
  2. राज्य
  3. महाराष्ट्र
  4. महाराष्ट्र : नागपुर में विस्फोटक बनाने वाली कम्पनी में भीषण धमाका, 17 लोगों की मौत, 17 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल
महाराष्ट्र : नागपुर में विस्फोटक बनाने वाली कम्पनी में भीषण धमाका, 17 लोगों की मौत, 17 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल

महाराष्ट्र : नागपुर में विस्फोटक बनाने वाली कम्पनी में भीषण धमाका, 17 लोगों की मौत, 17 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल

0
Social Share

नागपुर, 1 मार्च। महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब कटोल स्थित इंडस्ट्रियल इलाके में एक विस्फोटक बनाने वाली कम्पनी SBL एनर्जी में भीषण विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आए 17 लोगों की मौत हो गई जबकि 17 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कटोल तहसील के राउलगांव में माइनिंग में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक और अन्य प्रकार के विस्फोटक बनाने वाली कम्पनी की डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में यह धमाका हुआ। SBL एनर्जी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह घटना सुबह सात बजे से 7.15 बजे के बीच हुई।

नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने बताया कि कम्पनी में बारूद बनाने का काम चल रहा था, तभी विस्फोट हो गया। हादसे में 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया।

पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रशासन से विस्फोट की जानकारी ली और तत्काल राहत कार्य के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दावा किया जा रहा है कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है,

नागपुर शहर से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित कम्पनी के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि विस्फोट इतना भयानक था कि आसपास के लोग भी डर गए। विस्फोट के बाद कम्पनी में आग लग गई और अंदर मौजूद कर्मचारियों-मजदूरों में भगदड़ गई। कुछ लोग अपनी जान बचाकर भागने में कामयाब रहे, जबकि कई लोग अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए।

फायर ब्रिगेड की टीम ने बताया कि बारूद फैक्टी में विस्फोट की खबर मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुटी हुई है। अंतिम समाचार मिलने तक 17 लोगों के शव बरामद किए गए हैं जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें नागपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code