अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ छेड़ी जंग! 15 सीमा चौकियों पर कब्जा और कई सैनिकों के मारने का दावा
काबुल, 27 फरवरी। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर भीषण लड़ाई छिड़ गई है। पाकिस्तानी सेना की ओर से किए गए हवाई हमलों के जवाब में अफगान सीमा बलों ने पूर्वी प्रांतों में यह जवाबी काररवाई शुरू की है। अफगानिस्तान की सैन्य इकाई 201 खालिद बिन वलीद कॉर्प्स के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए दावा किया है कि उसने पाकिस्तान की 15 सीमा चौकियों पर कब्जा कर लिया है, कई पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराए हैं जबकि कुछ को जिंदा पकड़ा गया है।
पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक के जवाब में शुरू किया अभियान
प्रवक्ता के अनुसार, यह काररवाई सीधे तौर पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक के बाद शुरू हुई, जिसके बाद सीमा क्षेत्रों में तनाव तेजी से बढ़ गया है। तालिबान प्रवक्ता ने दावा किया कि अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के साथ लगने वाली सीमा पर बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू कर दिया है।
इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के डिप्टी स्पोक्सपर्सन हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘डूरंड लाइन पर तैनात बड़ी संख्या में लेजर से लैस यूनिट्स ने भी ऑपरेशन शुरू कर दिया है और रात के अंधेरे का इस्तेमाल करके, वे सभी चलते-फिरते दुश्मन के लोगों को टारगेट करेंगे और उन्हें जहन्नुम भेज देंगे, इंशाअल्लाह।’
डूरंड लाइन के विभिन्न हिस्सों पर झड़प जारी
अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी सीमा चौकियों को निशाना बनाते हुए जवाबी हमले किए हैं और यह काररवाई कई इलाकों में एक साथ जारी है। तालिबान की सैन्य इकाई के मुताबिक, इस्लामिक अमीरात अफगानिस्तान की सेनाओं की ओर से पाकिस्तानी सेना के खिलाफ जवाबी अभियान डूरंड लाइन के विभिन्न हिस्सों में शुरू कर दिए गए हैं।
अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, ‘पाकिस्तानी सैन्य बलों की ओर से बार-बार की गई उकसावे वाली काररवाई और उल्लंघनों के जवाब में विवादित डूरंड लाइन के आसपास बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया गया है।’
खोस्त, पकतिया और नूरिस्तान में शुरू हुई लड़ाई
अफगान रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि खोस्त, पकतिया और नूरिस्तान प्रांतों सहित कई अन्य क्षेत्रों में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ काररवाई चल रही है। मंत्रालय का कहना है कि सीमा के इन हिस्सों में जारी ऑपरेशन पाकिस्तान की ओर से की गई सैन्य गतिविधियों के जवाब में हैं। वर्तमान में कई स्थानों पर झड़पें जारी हैं और सीमा पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
पाकिस्तानी हमलों में दर्जनों अफगान नागरिकों की मौत
हालांकि इस टकराव में हताहतों की संख्या या लड़ाई के पैमाने को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बयानबाजी से संकेत मिलता है कि यह केवल छोटी सीमा झड़प नहीं बल्कि बड़ी सैन्य प्रतिक्रिया है। अफगान अधिकारियों के अनुसार रविवार को पाकिस्तान से सटे दो अफगान प्रांतों में पाकिस्तानी सेना की एयरस्ट्राइक में महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों नागरिकों की मौत हुई। ये हमले नंगरहार और पकतिका प्रांतों के इलाकों में किए गए, जिन्हें पाकिस्तान ने उग्रवादियों के ठिकानों पर की गई काररवाई बताया है।
