NCP का फैसला : डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार बारामती से लड़ेंगी विधानसभा उपचुनाव, पार्थ पवार जाएंगे राज्यसभा

मुंबई, 25 फरवरी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के रूप में बारामती सीट पर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार तय कर दिया है। सुनेत्रा के पति और महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की गत 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में हुई मौत के बाद यह सीट खाली हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्टी की एक अहम मीटिंग में यह फैसला किया गया।

तत्कालीन एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने 2024 के विधानसभा चुनाव में बारामती सीट अपने भतीजे और NCP (SP) प्रत्याशी युगेंद्र पवार के खिलाफ 1,00,899 वोटों से जीती थी। उन्हें 1,81,132 वोट मिले थे जबकि युगेंद्र को 80,233 वोट मिले।

पार्थ पवार का राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन

एनसीपी की बैठक में पार्टी नेतृत्व ने दिवंगत अजित पवार के बेटे पार्थ पवार का राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन भी फाइनल कर दिया। वह अपर हाउस में अपनी मां सुनेत्रा पवार की जगह लेंगे। पति की मौत के बाद सुनेत्रा महाराष्ट्र में महायुति सरकार में डिप्टी सीएम बनी हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में राज्यसभा की सात खाली सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होने हैं।

सुनेत्रा पवार ही एनसीपी प्रमुख भी चुनी जाएंगी

इस बीच, एनसीपी गुरुवार, 26 फरवरी को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने वाली है। चुनाव मुंबई के वर्ली डोम में होने वाला है, जहां पार्टी के MLA, MP और सीनियर पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों ने पुष्टि की है कि सुनेत्रा पवार के नाम को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर आधिकारिक मंजूरी दी जाएगी।

दरअसल सुनेत्रा की प्रोन्नति पार्टी के अंदर हालिया घटनाक्रमों के बाद हुई है। प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत के बाद पार्टी नेतृत्व ने शीर्ष संगठनात्मक पद के लिए उनके नाम पर एकमत से सहमति जताई थी। सुनेत्रा पवार फिलहाल महायुति सरकार में डिप्टी सीएम और एनसीपी विधायक दल की नेता भी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular