1. Home
  2. कारोबार
  3. आईटी शेयरों में बड़ी बिकवाली से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1069 अंक लुढ़का, निफ्टी 288 अंक कमजोर
आईटी शेयरों में बड़ी बिकवाली से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1069 अंक लुढ़का, निफ्टी 288 अंक कमजोर

आईटी शेयरों में बड़ी बिकवाली से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1069 अंक लुढ़का, निफ्टी 288 अंक कमजोर

0
Social Share

मुंबई, 24 फरवरी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़ी चुनौतियों और वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में बड़ी बिकवाली होने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार धड़ाम से जा गिरे। बीएसई सेंसेक्स 1,069 अंक टूट कर 82,200 के करीब जा सिमटा जबकि एनएसई निफ्टी 288 अंकों की कमजोरी से 25,400 के तनिक ऊपर ठहरा।

शेयर बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका एवं ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

सेंसेक्स 1.28 प्रतिशत टूटकर 82,225.92 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,068.74 अंक यानी 1.28 प्रतिशत टूटकर 82,225.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,359.93 अंक लुढ़ककर 81,934.73 तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर लाल निशान पर ठहरे और सिर्फ आठ में मजबूती रही।

निफ्टी 1.12% के नुकसान के साथ 25,424.65 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 288.35 अंक यानी 1.12 प्रतिशत के नुकसान के साथ 25,424.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 385.4 अंक फिसलकर 25,327.60 अंक तक खिसक गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 17 के शेयर लाभ में रहे जबकि 33 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मॉलकैप सिलेक्ट सूचकांक 0.68 प्रतिशत और मझोली कम्पनियों का मिडकैप सिलेक्ट 0.54 प्रतिशत नीचे आ गया।

निवेशकों के 3.38 लाख करोड़ रुपये डूबे

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक ही सत्र में घटकर 465.81 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 469.19 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 3.38 लाख करोड़ रुपये घटा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.38 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

टेक महिंद्रा के शेयर सर्वाधिक 6.6 प्रतिशत कमजोर

सेंसेक्स समूह में शामिल आईटी कम्पनियों में से टेक महिंद्रा के शेयर सर्वाधिक 6.6 प्रतिशत कमजोर हुए। इसके अलावा एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में भी गिरावट रही। इसके विपरीत एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील और सन फार्मा में तेजी का रुख देखा गया।

एफआईआई ने 3,483.70 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 3,483.70 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,292.24 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत बढ़कर 71.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code