बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेन्द्र का 86 साल की उम्र में निधन, प्रधानमंत्री मोदी समेत कई राजनेताओं ने जताया सोक
मुंबई, 24 नवंबर। बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र का आज निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। धर्मेन्द्र ने जुहू स्थित घर पर ही अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने 12 नवंबर को ही ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से परिवार के कहने पर डिस्चार्ज किया गया था। इसके बाद से घर पर ही उनका इलाज चल रहा था।
करण जौहर ने धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि करते हुए आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से उन्हें श्रद्धांजलि दी है। करण जौहर ने लिखा,यह एक युग का अंत है, एक विशाल मेगास्टार, मुख्यधारा के सिनेमा में एक सच्चे हीरो की पहचान, अविश्वसनीय रूप से हैंडसम और रहस्यमयी स्क्रीन प्रेजेंस वाले। वह हैं और हमेशा रहेंगे भारतीय सिनेमा के एक सच्चे दिग्गज।
सिनेमा के इतिहास के पन्नों में उनका नाम सदैव चमकता रहेगा। पर सबसे बढ़कर, वह एक बेहतरीन इंसान थे। हमारी इंडस्ट्री में हर कोई उनसे बेहिसाब प्यार करता था। उनके दिल में हर किसी के लिए सिर्फ प्यार और सकारात्मकता थी। उनका आशीर्वाद, अद्भुत स्नेह, इन सबकी कमी को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
आज हमारी इंडस्ट्री में एक ऐसा खालीपन है। जिसे कोई भी कभी भर नहीं सकेगा। वह हमेशा के लिए एक और एकमात्र धरमजी रहेंगे। धर्मेन्द्र का जन्म पंजाब के फगवारा में 08 दिसंबर 1935 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1960 में प्रदर्शित फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से अपने सिने करियर की शुरूआत की थी। धर्मेन्द्र ने अपने छह दशक लंबे सिने करियर में 250 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया था।
भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मशहूर अदाकार धर्मेंद्र को अभूतपूर्व अभिनेता करार देते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा जगत के एक युग का अंत करार देते हुए कहा कि वह असाधारण अभिनेता थे और उन्होंने अपनी भूमिकाओं को जिस गंभीरता से पेश किया उसने फिल्मों में उनकी गहराई की छाप छोड़ी है। उनकी इसी अदा ने उन्हें प्रतिष्ठित फिल्मी व्यक्तित्व और अभूतपूर्व अभिनेता बनाया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा “धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्म व्यक्तित्व, एक अभूतपूर्व अभिनेता थे जो अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएँ निभाईं, उसने अनगिनत लोगों को प्रभावित किया। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए समान रूप से प्रशंसित थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
अमित शाह ने जताया शोक
गृहमंत्री अमित शाह ने भी उनके निधन पर शोक जताया और कहा कि छह दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेन्द्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। गौरतलब है कि अभिनेता धर्मेंद्र का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को 89 साल की उग्र में मुंबई में निधन हो गया।
धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर सोमवार को दुख जताया और कहा कि उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है तथा उनकी विरासत युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में शुमार धर्मेंद्र ने अपने दशकों लंबे शानदार करियर के दौरान कई यादगार फिल्में दीं। भारतीय सिनेमा की एक महान हस्ती के रूप में वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’’
खरगे ने धर्मेंद्र के निधन पर जताया दुख
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मशहूर बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया है।श्री खरगे ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा ” भारतीय फिल्म जगत ने आज एक बहुमूल्य सितारा खो दिया। वर्ष 2012 में पद्मभूषण से सम्मानित धर्मेंद्र ने दशकों तक सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर राज किया और अपने अभूतपूर्व अभिनय तथा सादगीपूर्ण जीवन से एक गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने आगे कहा , “मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार और करोड़ों प्रशंसकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
धर्मेंद्र के निधन की खबर दुखद , राहुल ने जताया दुख
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख प्रकट किया है। श्री गांधी ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद । यह भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा।” उन्होंने आगे कहा , “धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।”
