1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार

गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार

0
Social Share

नई दिल्ली, 11 सितम्बर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वह यह दायित्व अपने वर्तमान पद के साथ निभाएंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से गुरुवार को जारी जानकारी में बताया गया है कि यह निर्णय महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे सी.पी. राधाकृष्णन के उप राष्ट्रपति चुने जाने के कारण पद छोड़ने के पश्चात लिया गया है।

राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय कुमार सिंह ने गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, “सीपी राधाकृष्णन के उप राष्ट्रपति चुने जाने के कारण महाराष्ट्र के राज्यपाल का पद छोड़ने के फलस्वरूप भारत के राष्ट्रपति ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को उनके अपने कर्तव्यों के अतिरिक्त महाराष्ट्र के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया है।’

आचार्य देवव्र जुलाई, 2019 से हैं गुजरात के राज्यपाल

गुजरात के राज्यपाल के रूप में कार्य करने से पहले आचार्य देवव्रत अगस्त, 2015 से जुलाई, 2019 तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे हैं। उन्होंने जुलाई, 2019 से गुजरात के राज्यपाल के रूप में कार्य करना शुरू किया।

राधाकृष्णन 9 सितम्बर को उप राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित हुए

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे सीपी राधाकृष्णन गत नौ सितम्बर को भारत के उप राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित हुए। सीपी राधाकृष्णन ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार के तौर पर उप राष्ट्रपति चुनाव में I.N.D.I.A. ब्लॉक के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को हराया।

उप राष्ट्रपति चुने जाने के बाद सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल का पद छोड़ दिया है, जिसे वे जुलाई, 2024 से संभाल रहे थे। सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र में राज्यपाल के तौर पर रमेश बैस की जगह ली थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code