1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. राबड़ी देवी का बिहार सरकार पर करारा प्रहार, बोलीं – प्रशासन पूरी तरह विफल, सीएम नीतीश सदन में भांग पीकर आते हैं
राबड़ी देवी का बिहार सरकार पर करारा प्रहार, बोलीं – प्रशासन पूरी तरह विफल, सीएम नीतीश सदन में भांग पीकर आते हैं

राबड़ी देवी का बिहार सरकार पर करारा प्रहार, बोलीं – प्रशासन पूरी तरह विफल, सीएम नीतीश सदन में भांग पीकर आते हैं

0
Social Share

पटना, 12 मार्च। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री व राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार की अगुआई वाली एनडीए सरकार पर करारा प्रहार करते हुए उसे ‘निकम्मी’ करार दिया है। राबड़ी देवी का कहना है कि बिहार सरकार का प्रशासन पूरी तरह से विफल हो चुका है और जनता को अपराधियों के रहमोकरम पर छोड़ दिया गया है। यहीं नहीं राबड़ी ने सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाते हुए उन्हें भंगेड़ी तक की संज्ञा दे डाली और कहा कि वह सदन में भांग पीकर आते हैं। साथ ही अकसर महिलाओं का अपमान करते रहते हैं।

दरअसल, बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के नेतृत्व में राजद के विधान पार्षदों ने परिषद पोर्टिको में जमकर नारेबाजी की। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर विपक्षी नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्य में कानून-व्यवस्था की बदहाली का आरोप लगाया।

बागडोर भाजपा व आरएसएस के हाथ में है, इसलिए बिहार के ये हालात

राबड़ी देवी ने इस दौरान कहा कि बिहार की बागडोर भाजपा और आरएसएस के हाथ में है, इसलिए बिहार के ये हालात हैं। यदि बिहार की बागडोर नीतीश कुमार की हाथ में होती तो इतने बुरे हालत नहीं होते। बिहार में लूट, हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन सरकार और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

राज्य की कानून व्यवस्था को संभालना नीतीश कुमार के बस में नहीं

राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं और अब राज्य की कानून व्यवस्था को संभालना नीतीश कुमार के बस में नहीं रह गया है। राज्य में हर दिन, चोरी, डकैती, अपहरण, बलात्कार, हत्या और लूट की घटनाएं हो रही हैं।  पूर्णिया में अति पिछड़ा की बेटी को भी नहीं छोड़ रहा है। राज्य का कोई जिला बाकी नहीं है, जहां हर दिन हत्या की घटना नहीं हो रही है।

बिहार सरकार वेंटिलेटर पर चली गई है

उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार निकम्मी है। नीतीश कुमार अब खुद सरकार नहीं चला रहे हैं। भाजपा रिमोट से सरकार चला रही है। मुख्यमंत्री के सारे पावर छीन गए हैं और मुख्यमंत्री बिना पावर के हो गए हैं। नीतीश कुमार के हाथ में अगर सत्ता रहती तो इतना अपहरण नहीं होता। बिहार की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है और वेंटिलेटर पर चली गई है।

वहीं, सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुई तीखी बहस के बाद बाहर निकलीं राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार को भंगेड़ी करार देते हुए कहा कि वे भांग पीकर आते हैं। नीतीश कुमार महिलाओं को अंट-शंट बोलते हैं। नीतीश कुमार महिलाओं को बेइज्जत करने का काम करते हैं।

सीएम न सिर्फ हमको बल्कि पूरे बिहार की महिला को बेइज्जत करते हैं

राबड़ी देवी ने कहा, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार न सिर्फ हमको बल्कि पूरे बिहार की महिला को बेइज्जत करते हैं। नीतीश कुमार कहते हैं कि 2005 से पहले महिला कपड़ा नहीं पहनती थी। हम भी पूछते हैं कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर की महिला और बहन बेटी वर्ष 2005 के पहले क्या बिना कपड़ा पहने रहती थीं? क्या उनके घर की महिलाएं निर्वस्त्र घूमती थीं? नीतीश कुमार ने मुझे सदन में दूसरी बार बेइज्जत किया है।’

नीतीश कुमार के पीछे पांच आदमी लगे हुए हैं

पूर्व सीएम ने कहा कि नीतीश कुमार के पीछे पांच आदमी लगे हुए हैं। वही लोग सिखाता है, वही लोग कान में बोलता है और नीतीश कुमार वही बोलते हैं। ललन सिंह, संजय झा, विजय चौधरी और अशोक चौधरी वे लोग हैं, जो उनका कान फूंकता है। यही वे लोग हैं, जो नीतीश कुमार को बेइज्जत करते हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code