BPSC परीक्षा : अनशनरत प्रशांत किशोर की तबीयत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में भर्ती

पटना, 7 जनवरी। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) 70वीं प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ पिछले पांच दिनों पर अनशन कर रहे जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की तबीयत देर रात बिगड़ गई। आज सुबह एक मेडिकल टीम उनके पटना स्थित आवास पहुंची। मेदांता अस्पताल के डॉक्टर अजीत प्रधान ने उनकी जांच की। इसके बाद उन्हें घर से मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया।

डॉक्टरों ने कहा – पीके की हालत स्थिर

मेदांता के डॉक्टरों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीके की हालत स्थिर है। उनकी हालत गंभीर नहीं है। उन्हें कुछ तकलीफ थी, खून और पेशाब के नमूनों की जांच की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तय किया जाएगा कि उन्हें आगे भी भर्ती रखा जाए या नहीं। उन्हें फिलहाल इमरजेंसी में रखा गया है।

डॉक्टर ने बताया कि प्रशांत किशोर अभी भोजन नहीं ले रहे हैं, सिर्फ पानी ले रहे हैं। उनका अनशन जारी है। उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है। मीडिया और फोन से दूर रखा गया है। अस्पताल के लिए घर से निकलते समय पीके ने कहा कि तबीयत खराब होने के बावजूद उनका अनशन जारी रहेगा।

इससे पहले सोमवार को पटना के गांधी मैदान पर धरना दे रहे पीके को पुलिस तड़के गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। पुलिस उन्हें कुछ घंटे तक पटना के आसपास एंबुलेंस में घुमाती रही, इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें पीआर बॉन्ड पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।

हालांकि, प्रशांत किशोर ने सशर्त जमानत लेने से इनकार कर दिया। बाद में पुलिस पीके को लेकर बेऊर जेल पहुंची, लेकिन जमानत की शर्तें हटाए जाने के बाद उन्हें जेल में बंद नहीं किया गया। पुलिस हिरासत से छूटने के बाद पीके ने एलान किया कि उनका अनशन जारी रहेगा और वे वापस धरने पर बैठेंगे। उन्होंने मंगलवार को धरने की नई जगह का एलान करने बात कही थी। हालांकि, अब तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular