Homeहिन्दीराष्ट्रीययमुना में विसर्जित की गईं मनमोहन सिंह की अस्थियां, एक जनवरी को...

यमुना में विसर्जित की गईं मनमोहन सिंह की अस्थियां, एक जनवरी को होगा अखंड पाठ, तीन को अंतिम अरदास

नई दिल्ली, 29 दिसम्बर। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अस्थियां उनके परिवार के सदस्यों ने रविवार को सिख रीति-रिवाजों के साथ मजनू का टीला गुरुद्वारे के पास यमुना नदी में विसर्जित कर दीं।

दिवंगत वयोवृद्ध कांग्रेस नेता डॉ. सिंह के परिवार के सदस्यों ने सुबह निगम बोध घाट से अस्थियां एकत्र कीं और बाद में उन्हें गुरुद्वारे के पास यमुना नदी तट पर ‘अष्ट घाट’ पर ले जाया गया। विसर्जन स्थल पर मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर, उनकी तीनों बेटियां – उपिंदर सिंह, दमन सिंह और अमृत सिंह सहित अन्य रिश्तेदार मौजूद रहे।

डॉ. सिंह का शोक संतप्त परिवार सिख रीति-रिवाजों के तहत मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित अपने आधिकारिक आवास पर एक जनवरी को ‘अखंड पाठ’ का आयोजन करेगा। वहीं तीन जनवरी को संसद परिसर के पास रकाबगंज गुरुद्वारे में ‘भोग’ समारोह, ‘अंतिम अरदास’ और ‘कीर्तन’ आयोजित किया जाएगा।

अस्थि विसर्जन में कांग्रेसजनों की अनुपस्थिति पर भाजपा हमलावर

इस बीच अस्थि विसर्जन के मौके पर गांधी परिवार के नदारद रहने को लेकर भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा की तरफ से कहा गया कि आज वहां पर कैमरा नहीं था, इसलिए गांधी परिवार का कोई सदस्य भी उपस्थित नहीं था। कांग्रेस ने एक बार फिर से उनका अपमान किया।

सिरसा बोले – कैमरा नहीं तो गांधी परिवार भी नदारद

भाजपा नेता मनजिंदर सिरसा ने गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह देखना दुखद है कि गांधी परिवार कल से पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम संस्कार पर राजनीति करने में लगा हुआ था। लेकिन आज यमुना के किनारे उनकी अस्थियां विसर्जित करते समय कोई कैमरा नहीं था तो वहां न तो गांधी परिवार का कोई सदस्य गया न ही कोई कांग्रेस का नेता नजर आया।

इससे पहले कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X पेज पर यह जानकारी देते हुए कहा, ‘आज भारत मां के सपूत और देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी की अस्थियां पूरे विधि-विधान के साथ मजनू का टीला स्थित गुरुद्वारे के पास यमुना घाट पर विसर्जित की गईं। हम सभी मनमोहन सिंह जी की देश सेवा, समर्पण और उनकी सहजता को हमेशा याद रखेंगे।’

निगम बोध घाट पर अंत्येष्टि को लेकर कांग्रेस ने उठाए थे सवाल

गौरतलब है कि डॉ सिंह का निधन 26 दिसम्बर की रात यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में हुआ और शनिवार को निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. सिंह की अंत्येष्टि निगम बोध घाट पर करने को लेकर कांग्रेस पार्टी की तरफ से सवाल भी उठाए गए थे। राहुल गांधी ने इसे पूर्व पीएम का अपमान करार दिया था।

हालांकि भाजपा की ओर से इसका जवाब देते हुए कहा गया कि स्मारक के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए समय लगता है, लेकिन अंतिम संस्कार के लिए इंतजार नहीं किया जा सकता। सरकार की तरफ से पहले ही सिंह परिवार और कांग्रस पार्टी को स्मारक के बारे में सूचित कर दिया गया था, फिर भी कांग्रेस एक पूर्व प्रधानमंत्री की मृत्यु पर राजनीति कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments