1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. पीएम मोदी की पेरिस 2024 के पदक विजेता भारतीय दल से मुलाकात, मनु ने पिस्टल की दी जानकारी, हॉकी टीम ने भेंट की स्टिक
पीएम मोदी की पेरिस 2024 के पदक विजेता भारतीय दल से मुलाकात, मनु ने पिस्टल की दी जानकारी, हॉकी टीम ने भेंट की स्टिक

पीएम मोदी की पेरिस 2024 के पदक विजेता भारतीय दल से मुलाकात, मनु ने पिस्टल की दी जानकारी, हॉकी टीम ने भेंट की स्टिक

0
Social Share

नई दिल्ली, 15 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को पेरिस ओलम्पिक खेलों से पदक लेकर लौटे भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस अवसर पर निशानेबाज मनु भाकर ने पीएम मोदी को अपनी पिस्टल दिखाई, जिससे उन्होंने पेरिस 2024 में दो पदक जीतकर इतिहास रचा था। भाकर को पीएम को उस पिस्तौल के बारे में बताते देखा गया, जिससे उन्होंने पेरिस में 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीते थे।

ओलम्पिक में लगातार दूसरी बार कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने प्रधानमंत्री को सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली एक टी-शर्ट और स्टिक भेंट की। हाल ही में रिटायर हुए पीआर श्रीजेश और कप्तान हरमनप्रीत सिंह सहित सभी खिलाड़ी कांस्य पदक पहनकर पीएम मोदी के साथ पोज देते नजर आए।

मनु भाकर के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले सरबजोत सिंह और 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक जीतने वाले स्वप्निल कुसाले ने भी पीएम मोदी से बातचीत की। पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान अमन सेहरावत भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ भारत की जर्सी पहने हुए पोज देते हुए देखे गए, जिस पर उनके हस्ताक्षर थे। हालांकि रजत पदक विजेता भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा अब तक स्वदेश नहीं लौटे हैं। वह पेरिस खेलों के बाद अपनी कमर की चोट के लिए डॉक्टर से परामर्श करने और यूरोप में डायमंड लीग मीच में संभावित भागीदारी के लिए जर्मनी चले गए हैं।

 

प्रधानमंत्री ने शटलर लक्ष्य सेन से भी बातचीत की

पीएम मोदी ने भारतीय दल के सदस्यों को संबोधित किया और देश के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन सहित कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ बातचीत भी की। टोक्यो ओलम्पिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी) और सैखोम मीराबाई चानू (भारोत्तोलन) ने भी पीएम से मुलाकात की। इस अवसर पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी मौजूद थीं। इससे पहले दिन में भारतीय दल के सदस्य ऐतिहासिक लाल किले पर मौजूद थे, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित किया।

2036 ओलम्पिक की मेजबानी का लिया संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में कहा कि भारत 2036 में ओलम्पिक की मेजबानी हासिल करने के लिए अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘भारत का सपना 2036 ओलम्पिक की मेजबानी करना है, हम इसके लिए तैयारी कर रहे हैं।’

उल्लेखनीय है कि भारत के साथ-साथ सऊदी अरब, कतर और तुर्की जैसे कई अन्य देश खेलों की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) द्वारा अपने चुनाव कराने के बाद अगले वर्ष ही मेजबान का फैसला किए जाने की उम्मीद है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code