1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ‘मीडिया मुगल’ रूपर्ट मर्डोक ने 93 वर्ष की उम्र में पांचवीं बार रचाई शादी, 67 वर्षीया एलेना जुकोवा हैं नई दुल्हन
‘मीडिया मुगल’ रूपर्ट मर्डोक ने 93 वर्ष की उम्र में पांचवीं बार रचाई शादी, 67 वर्षीया एलेना जुकोवा हैं नई दुल्हन

‘मीडिया मुगल’ रूपर्ट मर्डोक ने 93 वर्ष की उम्र में पांचवीं बार रचाई शादी, 67 वर्षीया एलेना जुकोवा हैं नई दुल्हन

0
Social Share

न्यूयॉर्क, 3 जून। ‘मीडिया मुगल’ के नाम से मशहूर रूपर्ट मर्डोक ने 93 वर्ष की उम्र में पांचवीं बार शादी रचा ली है। मर्डोक शनिवार (1 जून) को लॉस एंजलिस के बेल एयर स्थित अपने वाइनयार्ड एस्टेट में पांचवीं बार शादी के बंधन में बंधे। उनकी नई दुल्हन हैं 67 वर्षीया एलेना जुकोवा। मर्डोक की संस्था न्यूज कॉर्प ने नवविवाहित जोड़े की तस्वीरें साझा करते हुए इस खबर की पुष्टि की। मर्डोक ने इसी वर्ष मार्च में जुकोवा के साथ अपनी सगाई की घोषणा की थी।

मीडिया की खबरों के अनुसार मर्डोक और जुकोवा की मुलाकात मर्डोक की पूर्व पत्नी वेंडी डेंग के जरिए हुई थी। पिछली गर्मियों में इस जोड़े को मर्डोक की 22 वर्षीया बेटी ग्रेस के साथ पोसिटानो, नेपल्स और कोर्फू में मेड के आसपास छुट्टियां मनाते हुए देखा गया था।

रूसी मूल की हैं एलेना जुकोवा

मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) में 1931 जन्मे, लेकिन 1985 में अमेरिका में जा बसे ‘बिजनेस मैगनेट’ रूपर्ट मर्डोक की नवविवाहिता एलेना जुकोवा रूसी मूल की हैं। मॉस्को में जन्मीं एलेना एक सेवानिवृत्त आणविक जीवविज्ञानी हैं और यूसीएलए में चिकित्सा अनुसंधान इकाई में काम कर चुकी हैं। एलेना ने 1991 में रूस छोड़ दिया था और तब से अमेरिका में रह रही हैं।

एलेना की भी है यह तीसरी शादी

हालांकि शादी के मामले में एलेना जुकोवा भी कम नहीं हैं, जिनकी यह तीसरी शादी है। उनकी पहली शादी रूसी अरबपति एलेक्जेंडर जुकोव (वह अब ब्रिटिश नागरिक के रूप में लंदन में रहते हैं) से हुई थी। दोनों की एक बेटी दाशा जुकोवा (42) है। पेशे से एक उद्यमी दाशा ने प्रीमियर लीग फुटबॉल क्लब चेल्सी के पूर्व मालिक रूसी अरबपति रोमन अब्रामोविच से शादी की थी। 2019 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद दाशा ने अरबपति स्टावरोस नियार्कोस से शादी कर ली। एलेना अपनी बेटी दशा और उनके बच्चों के बेहद करीब हैं। वह ज्यादातर समय दशा और रोमन के बच्चों के साथ बिताती हैं।

रुपर्ट मर्डोक की शादियों का लेखा-जोखा

रूपर्ट मर्डोक का जहां तक सवाल है तो उन्होंने 25 वर्ष की उम्र में सबसे पहले 1956 में ऑस्ट्रेलिया की एक फ्लाइट अटेंडेंट पेट्रीसिया बुकर से शादी की थी। मर्डोक और बुकर का 1967 में तलाक हो गया। इसके बाद मर्डोक ने उसी वर्ष स्कॉटिश मूल की पत्रकार अन्ना मारिया टोरव से शादी की। 32 वर्षों तक शादीशुदा रहने के बाद 1999 में दोनों का तलाक हो गया।

मर्डोक ने टोर्व से अपने तलाक को अंतिम रूप देने के कुछ ही हफ्तों बाद 1999 में वेंडी डेंग से शादी कर ली। अपनी शादी के समय डेंग 30 वर्ष की थीं। वह मर्डोक से पहली बार 1997 में हांगकांग में स्टार टीवी पर मिली थीं। शादी के 14 वर्षों बाद 2013 में उनका तलाक हो गया।

इसके बाद रूपर्ट मर्डोक ने 2016 में पूर्व मॉडल और अभिनेत्री जेरी हॉल से शादी की। इस जोड़े की शादी को छह वर्ष हो गए थे और अगस्त, 2022 में उनका तलाक हो गया। 2023 में मर्डोक ने 66 वर्षीया एन. लेस्ली स्मिथ को प्रपोज किया, लेकिन शादी नहीं हो पाई।

6 संतानों के पिता मर्डोक की कुल संपत्ति 19.5 अरब डॉलर

छह संतानों के पिता मर्डोक ने मीडिया जगत में जिन संस्थानों की स्थापना की है, उनमें स्काई न्यूज, फॉक्स न्यूज, न्यूज कॉर्प, फॉक्स व स्कॉई के अलावा 18 अन्य कम्पनियां शामिल हैं। फोर्ब्स के अनुसार मर्डोक की कुल संपत्ति लगभग 19.5 अरब अमेरिकी डॉलर है। उन्होंने सात दशक तक अपने मीडिया साम्राज्य का नेतृत्व करने के बाद पिछले वर्ष सितम्बर में फॉक्स एंड न्यूज कॉर्प के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code