साइरस मिस्त्री के निधन से वाणिज्य और उद्योग जगत को बड़ा नुकसान, पीएम मोदी सहित अन्य नेताओं ने जताया शोक

नई दिल्ली, 4 सितम्बर। टाटा संस के पूर्व चेयरमैन और देश के ख्यातिनाम उद्योपति साइरस मिस्त्री का निधन वाणिज्य और उद्योग जगत के लिए बड़ा नुकसान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य लोगों ने साइरस मिस्त्री के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।

54 वर्षीय साइरस मिस्त्री की आज दोपहर करीब 3.15 बजे अहमदाबाद से मुंबई लौटते वक्त पालघर इलाके में एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वाहन में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें साइरस मिस्त्री सहित दो की मृत्यु हुई है। यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब मिस्त्री की कार एक डिवाइडर से टकरा गई।

होनहार व्यापारिक नेता मिस्त्री भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइरस मिस्त्री के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के असामयिक निधन से स्तब्ध हूं, वह होनहार व्यापारिक नेता थे, जो भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। साइरस मिस्त्री के निधन से वाणिज्य और उद्योग जगत को बड़ा नुकसान हुआ है।’

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘हैरान और गहरा दुख दिया, डीजीपी से बात की और विस्तृत जांच के निर्देश दिए।’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मिस्त्री की मृत्यु पर दुख जताते हुए देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘टाटा संस के पूर्व प्रमुख साइरस मिस्त्री के असामयिक निधन से दुखी हूं। वह देश के उद्योग जगत के बहुत ही शानदार व्यक्तित्व थे, जिन्होंने भारत की विकास गाधा में महत्वूपर्ण योगदान दिया। उनके परिवार, मित्रों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदना है।’ कांग्रेस सांसद शशि थरूर और कई अन्य नेताओं ने भी मिस्त्री के निधन पर दुख जताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular