Homeहिन्दीराजनीतिउपराष्ट्रपति चुनाव : मायावती ने एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ के समर्थन की...

उपराष्ट्रपति चुनाव : मायावती ने एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ के समर्थन की घोषणा की

लखनऊ, 3 अगस्त। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने उपराष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को समर्थन देने की घोषणा की है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को ट्वीट में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘उपराष्ट्रपति पद के लिए हो रहे चुनाव में भी व्यापक जनहित एवं अपनी मुहिम को ध्यान में रखकर जगदीप धनखड़ को अपना समर्थन देने का फैसला किया है और मैं आज इसकी औपचारिक घोषणा कर रही हूं।’

मायावती ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘सर्वविदित है कि देश के राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव में सत्ता एवं विपक्ष के बीच आम सहमति न बनने की वजह से ही इसके लिए अंतत: चुनाव हुआ। अब ठीक वही स्थिति बनने के कारण उपराष्ट्रपति पद के लिए भी छह अगस्त को चुनाव होगा।’

धनखड़ के सामने हैं विपक्ष की साझा उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा

गौरतलब है कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। धनखड़ पूर्व में लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। 71 वर्षीय धनखड़ का मुकाबला विपक्ष की साझा उम्मीदवार व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा से होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री 80 वर्षीया अल्वा भी गोवा, गुजरात, राजस्थान और उत्तराखंड में राज्यपाल का पद सुशोभित कर चुकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments