राष्ट्रपति कोविंद व PM मोदी ने तंजावुर हादसे पर जताया शोक, मुआवजे की घोषणा

नई दिल्ली, 27 अप्रैल। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तड़के तमिलनाडु के तंजावुर जिले में रथयात्रा के दौरान करंट लगने से हुई दो बच्चों सहित 11 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। इसके साथ ही हादसे में प्रभावित लोगों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद की घोषणा की गई है।

राष्ट्रपति कोविंद ने अपनी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह एक ऐसा हादसा है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘तंजावुर में जुलूस के दौरान करंट लगने से बच्चों सहित अन्य लोगों की मौत एक भयानक दुर्घटना है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘तमिलनाडु के तंजावुर जिले में हुए हादसे से बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

पीएम मोदी ने इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार वालों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की है जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि तमिलनाडु के तंजावुर जिले में एक मंदिर की ओर से बुधवार तड़के निकाली गई रथयात्रा के दौरान करंट लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। ये लोग एक ‘हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन’ के संपर्क में आ गए थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular