1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. कल्याण सिंह भारतीय राजनीति के चमकता सितारा और जमीनी नेता थे : आडवाणी
कल्याण सिंह भारतीय राजनीति के चमकता सितारा और जमीनी नेता थे : आडवाणी

कल्याण सिंह भारतीय राजनीति के चमकता सितारा और जमीनी नेता थे : आडवाणी

0
Social Share

लखनऊ, 22 अगस्त। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले कल्याण सिंह के निधन पर देशभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है और भारतीय राजनीति में उनके अप्रतिम योगदान के लिए उन्हें अपने-अपने तरीके से स्मरण किया।

भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कल्याण सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ‘मेरे करीबी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैं काफी दुखी हूं। भारतीय राजनीतिक का चमकता सितारा और जमीनी नेता थे। उन्होंने कमजोर वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काफी मेहनत की थी, जिसके चलते वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने राज्य के बहुमुखी विकास में काफी योगदान दिया था।’

आडवाणी ने कहा, ‘मैं राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उनके साथ अपनी कई बातें याद करता हूं। अयोध्या मुद्दे को हल करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अभियान और ईमानदारी न केवल भाजपा बल्कि उन सैकड़ों भारतीयों के लिए ताकत का एक बड़ा स्रोत थी, जो भगवान राम के भव्य मंदिर के अपने सपने को साकार करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। कल्याण सिंह जी के निधन से एक गहरा शून्य बना है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। उनके प्रशंसकों और परिजनों के प्रति मेरी संवेदना।’

यह तय करना मुश्किल है कि वह नेता थे, बड़े भाई या दोस्त : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ‘पूर्व यूपी सीएम कल्याण सिंह के निधन से अपूरणीय क्षति हुई है। उनके साथ हमारा पुराना रिश्ता था। मैं उन्हें 1977 में विधायक चुने जाने के बाद से जानता हूं, जब वह यूपी के स्वास्थ्य मंत्री बने थे। यह तय करना मुश्किल है कि वह नेता थे, बड़े भाई या दोस्त।’

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एक सच्चे उपासक थे बाबूजी : अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘कल्याण सिंह जी के निधन से देश ने आज एक सच्चे राष्ट्रभक्त, ईमानदार व धर्मनिष्ठ राजनेता को खो दिया। बाबूजी एक ऐसे विराट वटवृक्ष थे, जिनकी छाया में भाजपा का संगठन पनपा व उसका विस्तार हुआ। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एक सच्चे उपासक के रूप में उन्होंने जीवनभर देश व जनता की सेवा की।’

शाह ने कहा कि कल्याण सिंह जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कर्तव्यनिष्ठा व राजनीतिक कौशल से सुशासन की संकल्पना को साकार कर जनता को भय व अपराध से मुक्त एक जनकल्याणकारी शासन दिया और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार कर आने वाली सरकारों के लिए उत्कृष्ट आदर्श भी स्थापित किए। जन-जन के हृदय में बसने वाले प्रखर राष्ट्रवादी आदरणीय कल्याण सिंह जी जैसा महान व्यक्तित्व ढूंढने पर विरले ही मिलता है।

गृह मंत्री शाह ने कहा, ‘बाबूजी ने अपनी कर्मठता से विभिन्न संवैधानिक पदों पर रहते हुए किसान, गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर देश की प्रगति में अपना अनुपम योगदान दिया।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code