तमिलनाडु : अभिनेता विजय की राजनीतिक रैली में भगदड़ से 36 की मौत, कई घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख
चेन्नई, 27 सितम्बर। तमिलनाडु के करूर में शनिवार को मशहूर अभिनेता विजय की राजनीतिक रैली में हुई भगदड़ के दौरान मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 36 हो गया है। मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
टीवीके (तमिलगा वेट्ट्री कझगम) प्रमुख और अभिनेता विजय ने यह रैली आयोजित की थी। बताया जाता है कि इस रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि वहां पर हालात बिगड़ने लगे। इस घटना के बाद, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का बयान आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए करूर अस्पताल से आई खबरों को चिंताजनक बताया। वहीं, पीएम मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया है।
शाह ने सीएम स्टालिन से की बात, सीएम राहत कोष से मुआवजे का एलान
करूर की रैली में हुई भगदड़ को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और राज्यपाल से बात की है। सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री ने दोनों ने घटना के बारे में पूछा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया है कि जरूरत पड़ने पर केंद्र से सभी तरह की मदद मुहैया कराई जाएगी। वहीं, हादसे में अपनों को खोने वालों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये के मदद का एलान किया गया है। घटना की जांच के लिए एक आयोग भी बनाया गया है। इस आयोग की प्रमुख हाई कोर्ट की रिटायर्ड जज जस्टिस अरुणा जगदीशन होंगी।

विजय के भाषण के दौरान बढ़ती भीड़ से बिगड़े हालात
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब विजय सभा को संबोधित कर रहे थे, तब भीड़ बढ़ती गई और बेकाबू हो गई तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और कुछ बच्चों समेत कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। कई कार्यकर्ताओं ने स्थिति को भांप लिया और शोर मचाया। विजय ने ध्यान दिया और अपना भाषण रोककर, खासतौर पर बनाई गई प्रचार बस के ऊपर से लोगों तक पानी की बोतलें पहुंचाने की कोशिश की।
एम्बुलेंस को भीड़-भाड़ वाली सड़क से होते हुए घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बेहोश हुए लोगों को एम्बुलेंस से पास के अस्पतालों में ले जाया गया और बताया जा रहा है कि उनमें से कुछ लोगों की हालत खराब है। विजय ने स्थिति को समझते हुए अपना भाषण निर्धारित समय से पहले ही समाप्त कर दिया।
सीएम स्टालिन ने जताई चिंता
इस बीच तमिलनाड के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि करूर से मिली जानकारी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम और जिलाधिकारी को हरसंभव सहायता प्रदान करने की सलाह दी है। उन्होंने मंत्री अन्बिल महेश को भी सहायता प्रदान करने के लिए करूर जाने को कहा है।
घटना की सूचना पर मंत्री, शीर्ष प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी करूर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को करूर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिया है। स्टालिन ने करूर में आम जनता से चिकित्सकों और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर की गई पोस्ट में कहा, ‘तमिलनाडु के करूर में राजनीतिक रैली के दौरान हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खो दिया। मैं इस कठिन समय में उनके लिए शक्ति की कामना करता हूं। साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
