1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक और महाराष्ट्र में सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत, 27 घायल
कर्नाटक और महाराष्ट्र में सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत, 27 घायल

कर्नाटक और महाराष्ट्र में सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत, 27 घायल

0
Social Share

बेंगलुरु/बीड, 26 अक्टूबर। कर्नाटक और महाराष्ट्र में गुरुवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई जबकि 27 अन्य घायल हो गए।

चिक्काबल्लापुर में टैंकर से टकराई एसयूवी, 13 लोगों की मौत

बेंगलुरु से लगभग 50 किलोमीटर दूर चिक्काबल्लापुर के बाहरी इलाके में सुबह एसयूवी एक खड़े टैंकर से टकरा गई, जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। मृतक आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले के गोरंटला इलाके के रहने वाले थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि एसयूवी आंध्र प्रदेश से बेंगलुरु जा रही थी।

मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। उन्होंने इस हादसे के संबंध में अधिकारियों से जानकारी भी मांगी।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब सात बजे चिक्कबाल्लापुर शहर के जिला मुख्यालय के बाहरी इलाके में हुई। एसयूवी आंध्र प्रदेश में अनंतपुर से बेंगलुरु जा रही थी, तभी वह राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर खड़े एक टैंकर से टकरा गई, जिससे चार महिलाओं समेत 13 यात्रियों की मौत हो गई। ऐसा संदेह है कि कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से दुर्घटना हुई होगी, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

बीड में दो दुर्घटनाएं, एक चिकित्सक सहित नौ लोगों की मौत

वहीं महाराष्ट्र के बीड जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक चिकित्सक समेत नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 27 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे के बीच आष्टा फाटा में एक निजी बस मुंबई से बीड की ओर जा रही थी। बस की रफ्तार तेज थी और इसके चालक ने वाहन पर से स्पष्ट रूप से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस पलट गई।

पुलिस ने पीड़ितों की मदद के लिए स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। आष्टी पुलिस थाना प्रभारी संतोष खेतमालस ने बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मृतकों में से चार बीड जिले के निवासी थे जबकि एक यवतमाल जिले का रहने वाला था।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बस हादसे में 26 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान धोंडीबा शिंदे, देवदत्त पेचे, मोहम्मद आसिफ, अशोक भोंडवे और रवि गोदंबे के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे बीड में धामनगांव-अहमदनगर रोड पर अंभोरा में तेज रफ्तार से जा रही एक एम्बुलेंस एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में, एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस अहमदनगर जा रही थी। उसके चालक और दो अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायल चिकित्सक की अहमदनगर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान डॉ. राजेश झिनझुरके (35) और एंबुलेंस के चालक भरत लोखंडे (35) के रूप में हुई है, जो आष्टी के रहने वाले थे जबकि अन्य दो मृतक मनोज तिरपुडे और पप्पू तिरखुंडे पाथर्डी के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code