एलपीजी पर फिर पड़ी महंगाई की मार : 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 250 रुपये बढ़े

नई दिल्ली, 1 अप्रैल। नए वित्तीय वर्ष (2022-23) के पहले ही दिन जन सामान्य की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ी है, जब सरकारी तेल कम्पनियों ने शुक्रवार को लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) के दाम में 250 रुपये की बढ़ोतरी कर दी। हालांकि ये दाम सिर्फ 19 किलोग्राम वजन वाले कमर्शियल सिलेंडर पर बढ़ाए गए हैं।

दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम 2,253 रुपये

इस मूल्यवृद्धि के बाद नीले रंग के सिलेंडर की नई कीमत दिल्ली में 2,253 रुपये जा पहुंची है। कोलकाता में यही सिलेंडर अब 2,351 रुपये का, मुंबई में 2,205 रुपये का और चेन्नई में 2,406 रुपये का हो गया है।

इससे पहले सरकार ने एक मार्च, 2022 को भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 105 रुपये की बढ़ोत्तरी की थी जबकि 22 मार्च को जब सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे, तब इसे नौ रुपये सस्ता किया गया था। दरअसल, देश में रसोई गैस के दामों की समीक्षा हर महीने की पहली तारीख को होती है। अलग-अलग राज्यों और शासित प्रदेशों में इनके दाम अलग-अलग होते हैं।

22 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की वृद्धि हुई थी

ईंधन कम्पनियों ने महज 10 दिन पहले यानी 22 मार्च को घरों में इस्तेमाल होने वाली रसोई गैस यानी 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ा दिए थे। इसके बाद लाल रंग वाले इन सिलेंडर की दिल्ली में कीमत 949.50 हो गई थी। इससे पहले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में पिछले वर्ष छह अक्टूबर, 2021 को बदलाव किया गया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular