1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : दिनभर में मिले 1,59,632 नए संक्रमित, इलाजरत मरीजों की संख्या लगभग छह लाख
भारत में कोरोना संकट : दिनभर में मिले 1,59,632 नए संक्रमित, इलाजरत मरीजों की संख्या लगभग छह लाख

भारत में कोरोना संकट : दिनभर में मिले 1,59,632 नए संक्रमित, इलाजरत मरीजों की संख्या लगभग छह लाख

0
Social Share

नई दिल्ली, 9 जनवरी। कोविड-19 की रफ्तार पकड़ चुकी तीसरी लहर के बीच शनिवार को दिनभर में 1,59,632 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। यह संख्या पिछले दिन के मुकाबले 10.21 फीसदी ज्यादा रही। इसके सापेक्ष 40,863 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए जबकि केरल का 209 बैकलॉग जोड़कर 24 घंटे में 327 मौतें दर्शाई गईं। इस कड़ी में देश  में अब कोविड के इलाजरत मरीजों की संख्या लगभग छह लाख तक जा पहुंची है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को अपना ताजा बुलेटिन में यह जानकारी साझा की।

महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में स्थिति ज्यादा खराब

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में स्थिति ज्यादा खराब है, जहां संक्रमण का फैलाव विकराल रूप धारण कर रहा है। महाराष्ट्र में 24 घंटे के भीतर 41,434 नए केस सामने आए तो दिल्ली में 20,181 और पश्चिम बंगाल में 18,802 केस मिले। हालांकि तमिलनाडु में भी यह संख्या 10 हजार के पार (10,978) रही।

लगातार दूसरे दिन एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले बढ़े

मंत्रालय के अनुसार लगातार दूसरे दिन सक्रिय मामलों में एक लाख से ज्यादा (1,18,442) की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही देश में अब 5,90,611 एक्टिव केस हो गए हैं। हालांकि इनमें ज्यादातर मरीज होम आइसोलेशन में हैं। महाराष्ट्र में इलाजरत मरीजों की संख्या 1.76 लाख से ऊपर 1,76,948 तक पहुंच गई है। इस मामले में दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल (62,055) और उसके पीछे दिल्ली (48,118) है।

रिकवरी रेट घटकर 96.98 फीसदी, एक्टिव रेट 1.66%

देश में कोविड मरीजों के स्वस्थ होने की दर 96.98 तक जा गिरी है जबकि एक्टिव रेट बढ़कर 1.66 फीसदी तक जा पहुंचा है। हालांकि मृत्यु दर तनिक और गिरावट के बाद 1.36 फीसदी है। वहीं साप्ताहिक संक्रमण दर बढ़कर अब 6.77 प्रतिशत हो गई है।

ओमिक्रॉन के पुष्ट मामले 3600 के पार, 1,409 रोगी स्वस्थ

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने भी रफ्तार पकड़ रखी है और पिछले 24 घंटे के दौरान देश में ऐसे 552 नए केस सामने आए। इसके साथ ही देश के 27 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में अब तक 3,623 ओमिक्रॉन संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी। इनमें एक तिहाई से ज्यादा 1,409 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं।

ओमिक्रॉन से ज्यादा प्रभावित 10 शीर्ष राज्यों के आंकड़े

महाराष्ट्र में एक हजार से ज्यादा ओमिक्रॉन संक्रमित

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या शनिवार तक एक हजार के पार 1,009 तक पहुंच गई है। इनमें 439 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। महाराष्ट्र के अलावा पांच राज्यों – दिल्ली (513), कर्नाटक (441), राजस्थान (373), केरल (333) और गुजरात (204) में दो सौ से ज्यादा इस वैरिएंट के संक्रमितों की पुष्टि हुई है।

टीकाकरण का आंकड़ा 151.58 करोड़ के पार

इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 358 दिनों में अब तक 151.58 करोड़ से ज्यादा कोविडरोधी टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें शनिवार को 89.28 लाख लोगों ने टीकाकरण का लाभ उठाया। वहीं आईसीएमआर के अनुसार बीते दिन 15.63 लाख लोगों के कोविड सैंपल की जांच की गई। इसके साथ ही आठ जनवरी तक कुल 69 करोड़ लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code