कोलंबिया में भूस्खलन से 14 लोगों की मौत, 35 घायल, बचाव दलों ने 60 से अधिक घरों को खाली कराया

बोगोटा, 9 फरवरी। पश्चिमी कोलंबिया में एक शहर के रिहाइशी इलाके में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन के कारण कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य लोग घायल हो गए। कोलंबिया के राष्ट्रपति इवान डुके ने मृतकों के परिजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

परेरा के मेयर कार्लोस माया ने मंगलवार को हुए भूस्खलन के कारण 14 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने सचेत किया कि इलाके में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोगों से

इस जगह को खाली कर देने की अपील की, ताकि और लोग हताहत नहीं हों।

भूस्खलन के कारण प्रभावित अधिकतर घर लकड़ी के बने थे

अधिकारियों ने बताया कि परेरा नगर पालिका के रिसारल्डा में घातक भूस्खलन के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना है। भूस्खलन के कारण जो घर प्रभावित हुए हैं, उनमें से अधिकतर लकड़ी के बने थे। बचाव दलों ने 60 से अधिक घरों को खाली कराया है। इसके साथ ही ओटुन नदी के उफान पर होने के कारण इसके किनारे बसे दर्जनों घरों को खाली कराया गया है।

गौरतलब है कि कोलंबिया के पहाड़ी इलाकों में लगातार भारी बारिश और घरों के खराब या अनौपचारिक निर्माण के कारण भूस्खलन आम है। देश की सबसे हालिया बड़ी भूस्खलन आपदा मोकोआ शहर में 2017 में हुई थी, तब 320 से अधिक लोग मारे गए थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular