पुणे, 17 जनवरी। महाराष्ट्र के पुणे में आज दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब महानगर के नारायणगांव इलाके में ट्रक व कार की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुणे-नासिक राजमार्ग नारायणगांव के निकट पूर्वाह्न लगभग 10 बजे एक एक आयशर ट्रक ने पीछे से सवारियों को ले जा रही मैक्स ऑटो गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार था कि मैक्स ऑटो गेंद की तरह उछलकर एक बस से टकरा गई।
इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाएं, चार पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुणे प्रशासन की ओर से बताया गया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। इससे मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
विधायक शरद सोनवणे घटनास्थल पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते हुए स्थानीय विधायक शरद सोनवणे घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान सोनवणे ने कहा कि नारायणगांव में यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना घटी। विधायक ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि आयशर ट्रक ने एक यात्री वाहन को टक्कर मारी। पुलिस ने आयशर को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि वास्तविक दुर्घटना आयशर चालक के कारण हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि वास्तव में क्या हुआ था?

