मुंबई, 19 अगस्त। पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की रफ्तार थम सी गई है। हालात ये है कि बिजली आपूर्ति रुकने की वजह से मंगलवार को मुंबई मोनोरेल भी बीच रास्ते में ही अटक गई। मैसूर कॉलोनी स्टेशन के करीब एक मोनोरेल रास्ते में ही फंस गई। यात्री बिना एसी के करीब कई घंटे तक ट्रेन के अंदर ही फंसे रहे।
कई घंटे फंसे रहने के बाद से कुल 442 यात्रियों को क्रेन की मदद से निकाला गया। एक शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुंबई के अतिरिक्त नगर आयुक्त अश्विनी जोशी ने कहा कि मुंबई मोनोरेल में यात्रियों की संख्या क्षमता से अधिक हो गई। वहीं बिजली आपूर्ति कनेक्शन टूटने से ट्रेन रुक गई। फंसे हुए यात्रियों को क्रेन के माध्यम से निकाला गया। बचाव कार्य जारी है।
सीएम फडणवीस ने की जांच की बात
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जांच की बात कही। फडणवीस ने X पर साझा पोस्ट में लिखा, ‘किसी तकनीकी कारण से चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच एक मोनोरेल फंस गई। एमएमआरडीए (मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण), अग्निशमन विभाग और नगर निगम, सभी एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं। सभी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।’ उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी को भी चिंता या घबराहट की आवश्यकता नहीं है क्योंकि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। मैं सभी से धैर्य रखने का अनुरोध करता हूं। मैं एमएमआरडीए आयुक्त, नगर आयुक्त, पुलिस और सभी संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हूं। इस घटना के कारणों की भी जांच की जाएगी।’
महाराष्ट्र में अब तक 14 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से जारी भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि सैकड़ों लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से बचाया गया है। नांदेड़ में बादल फटने के बाद आई बाढ़ में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों ने जान गंवा दी। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से कहा है कि आगामी 48 घंटे बेहद अहम हैं, वे सावधानी बरतें। वहीं बारिश के चलते ट्रैक पर पानी भरने से मध्य रेलवे ने सात जोड़ी ट्रेनों को रद कर दिया है। कई ट्रेनों का रास्ता बदला गया है।

