Site icon Revoi.in

सुखविंदर सिंह सुक्खू बने हिमाचल प्रदेश के 15वें सीएम, राज्यपाल आर्लेकर ने दिलाई शपथ

Social Share

शिमला, 11 दिसम्बर। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को राज्य के 15वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित एक भव्य समारोह में हिमाचल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने 58 वर्षीय सुखविंदर सिंह सुक्खू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मुकेश अग्निहोत्री ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली

सीएम सुखविंदर के बाद पार्टी नेता मुकेश अग्निहोत्री ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दोनों नेताओं ने हिन्दी में शपथ ली। हालांकि अभी मंत्रिमंडल सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई गई है। राज्य में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 हो सकती है। कैबिनेट का बाद में विस्तार किया जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह में खड़गे, राहुल गांधी व प्रियंका सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद

खुशगवार मौसम के बीच आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सुखविंदर सिंह सुक्खू की मां संसारी देवी (85) भी इस खास अवसर की साक्षी बनीं, जिन्हें राहुल गांधी ने अपने साथ मंच पर बैठाया।

शपथ ग्रहण के पूर्व दिवंगत वीरभद्र सिंह को दी गई श्रद्धांजलि

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनन्द शर्मा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मंच पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने पहले दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। समारोह स्थल पर अपार भीड़ उमड़ी और रिज मैदान लोगों से खचाखच भरा रहा।

डिप्टी सीएम अग्निहोत्री बोले  – जनता से किए गए अपने वादों को जल्द पूरा करेंगे

शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा – “हम पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेंगे। पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी। पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने भाजपा का ‘रथ’ रोक कर दिया है।”

इसके पूर्व केंद्रीय पर्यवेक्षकों – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार शाम को विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद के लिए क्रमश: पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे सुक्खू और विपक्ष के नेता रहे अग्निहोत्री (60) के नामों की घोषणा की थी। बाद में, नामित मुख्यमंत्री सुक्खू ने राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके साथ हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह भी राज्यपाल के पास गई थीं।

सुक्खू सीएम पद संभालने वाले निचले हिमाचल के पहले नेता

सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता और प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए। कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में कुल 68 में से 40 सीट जीतकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर दिया है। मतदान 12 नवंबर को हुआ था और नतीजे गुरुवार, आठ दिसम्बर को घोषित किए गए थे।