Site icon hindi.revoi.in

संजय राउत का प्रहार – ‘महाराष्ट्र में भाजपा का शासन औरंगजेब से भी बदतर’

Social Share

मुंबई, 14 मार्च। शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर करारा प्रहार करते हुए उसके शासन को औरंगजेब से भी बदतर बता दिया और दावा किया कि इस सरकार के कारण किसान अपनी जान दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का नेतृत्व करती है, जिसमें शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) भी शामिल हैं।

यदि मुगल शासक ने अत्याचार किए तो यह सरकार क्या कर रही?

शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने कहा, ‘औरंगजेब को दफनाए 400 साल हो गए हैं। उसे भूल जाइए। भाजपा का कार्यकाल औरंगजेब से भी बदतर है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। बेरोजगार लोग और महिलाएं आत्महत्या कर रही हैं। क्या महाराष्ट्र में किसान औरंगजेब के कारण आत्महत्या कर रहे हैं? वे आपकी (भाजपा) वजह से ऐसा कर रहे हैं।‘ राउत ने सवाल किया कि यदि मुगल शासक ने अत्याचार किए तो यह सरकार क्या कर रही है?

देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी पर दिया बयान

दरअसल, संजय राउत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘हर कोई’ महसूस करता है कि छत्रपति संभाजीनगर में मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को हटा दिया जाना चाहिए। लेकिन इसे कानूनी दायरे में किया जाना चाहिए क्योंकि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस स्थल को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में रखा था।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी के औरंगजेब को लेकर दिए बयान के बाद से महाराष्ट्र में सियासत तेज है। औरंगजेब की कब्र को ढहाने की मांग की जा रही है। ऐसे में संजय राउत ने ये बयान देकर महाराष्ट्र की सियासी तपिश और बढ़ा दी है।

Exit mobile version