Site icon hindi.revoi.in

रूस ने यूक्रेन के सभी सैनिकों को तत्काल हथियार डालने की दी चेतावनी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

मॉस्को, 19 अप्रैल। लगभग दो माह से जारी रूसी हमले में अपने कई शहरों के तबाह होने के बावजूद यूक्रेन घुटने टेकता नजर नहीं आ रहा है। इस बीच रूस ने सभी यूक्रेनी सैनिकों को तत्काल अपने हथियार डालने की चेतावनी दी है। समाचार एजेंसी एएफपी ने यह जानकारी दी है।

रूस की यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब रूसी सेना ने मंगलवार को पूर्वी यूक्रेन में देश के औद्योगिक गढ़ पर नियंत्रण करने के लिए जमीनी स्तर पर एक बड़ा हमला शुरू किया, जिसे यूक्रेनी अधिकारियों ने ‘युद्ध का एक नया चरण’ बताया है। यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने मंगलवार तड़के कहा कि रूसी सेना ने डोनबास क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में रूसी सेना द्वारा रासायनिक हथियार के इस्तेमाल की भी अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच रूसी सेना पड़ोसी खारकीव सहित कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है। दक्षिणी डोनेट्स्क में रूसी सेना ने रणनीतिक बंदरगाह शहर मारियुपोल की नाकाबंदी और गोलाबारी जारी रखी है और अन्य शहरों में भी मिसाइल दाग रही है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने पूर्वी यूक्रेन पर कब्जा करने के लिए हमला शुरू कर दिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘अब हम बता सकते हैं कि रूसी बलों ने डोनबास के लिए युद्ध आरंभ कर दिया है। पूरी रूसी सेना का एक बड़ा हिस्सा इस हमले पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।’

मॉस्को समर्थित अलगाववादी आठ वर्षों से ज्यादातर रूसी भाषी डोनबास में यूक्रेनी सेना से लड़ रहे हैं और उन्होंने दो स्वतंत्र गणराज्यों की घोषणा की है, जिन्हें रूस ने मान्यता दे रखी है। माना जा रहा है कि रूस ने डोनबास पर कब्जा करना युद्ध में अपना मुख्य लक्ष्य घोषित कर दिया है क्योंकि राजधानी कीव को जब्त करने का उसका प्रयास विफल हो गया है।

Exit mobile version