Site icon hindi.revoi.in

राहुल-प्रियंका का हमला, बोले- पीएम ने बलात्कारियों का बचाव करने वाले को शिक्षा मंत्री बनाया

Social Share

नई दिल्ली, 28 जुलाई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को धर्मेंद्र प्रधान की जगह नियुक्त नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा तंज कसा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री का दायित्व सौंपा है, जिसने बलात्कारियों का बचाव किया था। प्रियंका के वक्तव्य पर तो लोकसभा में जबर्दस्त हंगामा हुआ और सत्ता पक्ष ने उनसे मांगी मांगने तक की मांग कर डाली।

राहुल ने प्रह्लाद जोशी को बेहद घटिया किस्म का इंसान करार दिया

राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘भारत के शिक्षा मंत्री के तौर पर भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को चुना है, जो बलात्कारियों का बचाव करता है। वह बेहद घटिया किस्म का इंसान है। जो व्यक्ति यह कहे कि बलात्कारियों को सुरक्षा की जरूरत है, उससे ज्यादा घटिया इंसान कोई नहीं हो सकता। आज भारत के शिक्षा मंत्री वही हैं। प्रधानमंत्री का यह रवैया अजीब है, उनकी कैबिनेट में इतने सारे लोग हैं, वे उनमें से किसी को भी चुन सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को चुना, जो बलात्कारियों को बचाता है. वाकई हैरान करने वाली बात है।’

प्रियंका गांधी के बयान को लोकसभा की कार्यवाही से हटा दिया गया

वहीं वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर निशाना साधा। उन्होंने बिलकिस बानो मामले में दोषियों को जमानत मिलने से संबंधित एक अखबार में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए लोकसभा में जोशी को लेकर कुछ टिप्पणी की थी, जिसे कार्यवाही से हटा दिया गया।

प्रियंका के आरोप पर लोकसभा में भारी हंगामा

प्रियंका गांधी ने जब लोकसभा में इस विषय का उल्लेख किया कि तो सत्तापक्ष के सदस्यों ने आपत्ति जताई और इसे शिक्षा मंत्री के खिलाफ निराधार तथा आपत्तिजनक टिप्पणी बताया. सदन में इस मुद्दे पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी।

किरेन रिजिजू बोले- यह चरित्र हनन है, माफी मांगें प्रियंका गांधी

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि नये शिक्षा मंत्री के संबंध में की गई टिप्पणी चरित्र हनन है। बिना सत्यापन के इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि प्रियंका गांधी अपने आरोपों को सत्यापित नहीं कर सकतीं तो उन्हें सदन से क्षमा मांगनी चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी बोले कि बिना तथ्यों के इस तरह की बातें सदन में नहीं कही जानी चाहिए।

लोकसभा में प्रियंका गांधी ने सरकार से पूछा- छात्रों पर पेलेट गन चलाने की क्या जरूरत थी, किसने दिया आदेश?

प्रियंका गांधी वाड्रा आरोप लगाकर बच नहीं सकतीं : प्रह्लाद जोशी

खुद केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा इस तरह कोई भी आरोप लगाकर बच नहीं सकतीं। उन्होंने मांग कि कांग्रेस सांसद सदन से माफी मांगें और उनके खिलाफ काररवाई की जाए। प्रियंका ने हालांकि कहा कि वह उचित माध्यम से सदन में अपनी बात सत्यापित करेंगी।

Exit mobile version