Site icon Revoi.in

राष्ट्रपति कोविंद ने प्रदान किए 2020 के पद्म पुरस्कार, जॉर्ज फर्नांडिस, जेटली, सुषमा व छन्नूलाल को पद्म विभूषण

Social Share

नई दिल्ली, 8 नवंबर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हाल में आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालीं 141 विभूतियों को वर्ष 2020 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान किए।

जॉर्ज, जेटली और सुषमा मरणोपरांत सम्मानित

उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रपति कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्रियों – जॉर्ज फर्नांडीस, अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को लोक कार्य और प्रख्यात शास्त्रीय गायक छन्नूलाल मिश्र को हिन्दुस्तानी संगीत के लिए देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया।

इनमें जॉर्ज, जेटली और सुषमा को मरणोपरान्त इस सम्मान से नवाजा गया। जॉर्ज की पत्नी लैला कबीर, जेटली की पत्नी संगीता जेटली और सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने यह अवार्ड सौंपा।

 

पी.वी. सिंधु पद्म भूषण से सम्मानित

राष्ट्रपति कोविंद ने अन्य पुरस्कार में खेल जगत से बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को पद्म भूषण से नवाजा तो आईसीएमआर के पूर्व प्रमुख साइंटिस्ट डाक्टर रमन गंगाखेडकर, महिला हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल, फिल्म जगत में एक्टर कंगना रनौत और गायक अदनान सामी सहित अन्य को पद्म श्री से सम्मानित किया।

9 नवंबर को दिए जाएंगे 2021 के पद्म पुरस्कार

ज्ञातव्य है कि हर वर्ष पद्म पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस के मौके पर की जाती है। राष्ट्रपति मार्च-अप्रैल में ये पुरस्कार प्रदान करते हैं, लेकिन पिछले लगभग दो वर्षों व्याप्त कोरोना महामारी के चलते ये पुरस्कार नहीं दिए जा सके थे। यह क्रम मंगलवार को भी जारी रहेगा, जब वर्ष 2021 के लिए 119 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।