Site icon Revoi.in

आडवाणी को ‘भारत रत्न’ दिए जाने की घोषणा पर बोले पीएम मोदी – ‘आज भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और सम्मान का दिन’

Social Share

संबलपुर (ओडिशा), 3 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा के बाद कहा कि आज भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। पीएम मोदी ने ओडिशा के संबलपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

‘राष्ट्र की सेवा परंपरा का सम्मान, हम सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ‘आज देश ने लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह पुरस्कार इसी परंपरा का सम्मान करने के लिए दिया जाता है। राष्ट्र की सेवा परंपरा का सम्मान, हम सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। ये सम्मान उस विचाराधारा का सम्मान भी है, जो सिर्फ राष्ट्र प्रथम को लेकर चलती है। ये सम्मान दो सांसदों वाली पार्टी से देश और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने का सम्मान है और लोकतंत्र को मजबूती देने वाले कार्यकर्ताओं के संघर्षों का सम्मान है।’

पीएम मोदी ने कहा, एक समय था, जब शुचिता और ईमानदारी पर आधारित एक अलग राजनीति के कारण भाजपा को सियासी अछूत पार्टी घोषित कर दिया गया। लेकिन अटल (पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई) जी के साथ आडवाणी जैसे नेताओं ने उस दुष्चक्र को तोड़ने के लिए अपना जीवन खफा दिया।’

आडवाणी बोले – ‘अत्यंत विनम्रता कृतज्ञता के साथ यह सम्मान स्वीकार करता हूं

वहीं ‘भारत रत्न’ के एलान के बाद वयोवृद्ध भाजपा नेता 96 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, ‘मैं अत्यंत विनम्रता और कृतज्ञता के साथ इस सम्मान को स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा कि यह न केवल एक व्यक्ति के रूप में मेरे लिए सम्मान है, बल्कि उन आदर्शों और सिद्धांतों का सम्मान है, जिनकी मैंने अपनी पूरी क्षमता से जीवनभर सेवा की है।’