कोलकाता, 22 मई। पिछले माह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी बेचकर अचानक सुर्खियां बटोरने वाले झारग्राम के झालमुड़ी विक्रेता विक्रम साह को पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। खुद साह ने ऐसा दावा किया है।
विक्रम साह के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उन्हें अनजान अंतरराष्ट्रीय नंबरों से रोजाना धमकियां मिल रही हैं। साहू ने कहा कि उन्हें अपनी और अपने परिवार की चिंता हो रही है।
उन्होंने मीडिया को बताया, ‘मुझे पाकिस्तान और बांग्लादेश से वीडियो और फोन कॉल के जरिए बार-बार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। वे मुझे बम से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं। जो लोग मुझे वीडियो कॉल कर रहे हैं, वे मुझे डराने के लिए डरावने हाव-भाव बना रहे हैं और हथियार भी दिखा रहे हैं, और उन्होंने मुझे चेतावनी दी है कि मुझे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।’
साह ने बताया, “कॉल करने वाले पहले धार्मिक अभिवादन करते हैं और फिर मुझे जान से मारने की धमकी देते हैं। वे मुझसे पूछते हैं – ‘क्या तुम ज़िंदा हो या मर गए?’ मुझे ह्वाट्सएप पर भी मैसेज मिले हैं, जिनमें लिखा है कि ‘तुम्हें बम धमाके में मार दिया जाएगा।”
उल्लेखनीय है कि गत 19 अप्रैल को बंगाल में चुनावी प्रचार के दौरान पीएम मोदी कुछ देर विक्रम साह की झालमुड़ी की दुकान पर रुके थे। एक्स पर उनके द्वारा शेयर किए गए वीडियो में, पीएम मोदी को दुकानदार से झालमुड़ी तैयार के लिए कहते हुए देखा जा सकता है। जब उन्होंने पैसे देने की पेशकश की तो दुकानदार विक्रम ने पहले तो मना कर दिया, लेकिन ज़ोर देने पर उन्होंने पैसे ले लिए।
झालमुड़ी वस्तुतः मुरमुरे (puffed rice) का एक मिश्रण है, जिसे आम तौर पर मिर्च, प्याज और सरसों के तेल के साथ बनाया जाता है। पीएम मोदी के कुछ देर रुकने के बाद विक्रम अचानक सुर्खियों में आ गए। हालांकि, उन्होंने यह साफ किया कि उन्हें धमकी देने वाले कॉलर ने प्रधानमंत्री के साथ उनके जुड़ाव के बारे में कुछ भी नहीं कहा, लेकिन ये कॉल पीएम मोदी के रुकने के बाद ही आने शुरू हुए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, विक्रम को सपरिवार सुरक्षा कवर
इस बीच विक्रम साह को सुरक्षा कवर दिया गया है, जिसमें पुलिसकर्मी उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने साथ ही इस मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

